शिव भक्तों के लिए एक बड़ी खबर है। लंबे अंतराल के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 की शुरुआत हो गई है। 44 यात्रियों का पहला जत्था सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंच चुका है और 20 जून को नाथुला दर्रे के रास्ते तिब्बत में प्रवेश करेगा। इस साल यात्रा दो मार्गों, नाथुला और लिपुलेख दर्रे से हो रही है। विदेश मंत्रालय द्वारा लकी ड्रॉ के जरिए यात्रियों का चयन किया गया है। हर रूट पर 10-10 बैच जाएंगे और प्रत्येक बैच में 50 यात्री होंगे। यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए डॉक्टर और संपर्क अधिकारी भी साथ हैं। दूसरी तरफ, कश्मीर में आगामी अमरनाथ यात्रा को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं। सुरक्षा बलों, पुलिस और एनडीआरएफ ने मिलकर एक अभेद्य मल्टी-लेयर्ड सुरक्षा चक्र तैयार किया है। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी और ड्रोन से नजर रखी जा रही है। किसी भी आतंकी खतरे से निपटने के लिए लगातार मॉक ड्रिल किए जा रहे हैं। खच्चर वालों को पहली बार क्यूआर कोड दिए गए हैं ताकि उनकी तुरंत पहचान हो सके।