सावन के पावन महीने में हरिद्वार से लेकर प्रयागराज तक कांवड़ यात्रा की धूम देखने को मिल रही है। हरिद्वार में युवाओं और Gen-Z की बड़ी तादाद देखने को मिल रही है, जो DJ पर नाचते-गाते और भव्य प्रतिमाएं लेकर यात्रा कर रहे हैं। कोई अर्धनारीश्वर की प्रतिमा कंधे पर उठाकर मनचाही जोड़ी की कामना के साथ निकला है, तो कोई साढ़े तीन सौ किलोमीटर दूर से यात्रा कर रहा है। सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन ने हरिद्वार मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन में बांटा है और 6 हजार से ज्यादा जवान व साइबर कमांडोज तैनात किए हैं। वहीं प्रयागराज के संगम और दशाश्वमेध घाट से शिव भक्त गंगाजल भरकर काशी विश्वनाथ और देवघर के लिए रवाना हो रहे हैं। यात्रा शुरू करने से पहले भक्त गंगा स्नान कर क्षमा याचना करते हैं। इसके अलावा भदोही में रुद्राभिषेक का संकल्प और कोटा के शिवपुरी धाम में स्थापित 525 शिवलिंगों पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।