scorecardresearch

Char Dham Yatra: केदारनाथ पहुंची बाबा की डोली, बद्रीनाथ के लिए भी यात्रा शुरू, धाम में पहुंचे अनोखे भक्त

बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंच चुकी है। 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। धाम में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी है और मंदिर को 51 टन फूलों से सजाया गया है। दूसरी तरफ, जोशीमठ के नृसिंह मंदिर से भगवान बद्रीनाथ की डोली भी बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हो गई है। बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे खुलेंगे। इस बार चार धाम यात्रा में कई अनोखे भक्त भी पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश के बिजनौर से आए एक भक्त अपने कंधों पर केदारनाथ मंदिर की 30 से 40 किलो वजनी प्रतिकृति लेकर धाम पहुंचे हैं। वहीं, वृंदावन से आए एक अन्य भक्त गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग के साथ पैदल यात्रा कर रहे हैं। मध्य प्रदेश से आए 14 लोगों का एक समूह भगवान के अभिषेक के लिए नर्मदा नदी का जल लेकर केदारनाथ पहुंचा है। इसके अलावा, पिछले 36 सालों से लगातार केदारनाथ आ रहे दिल्ली के एक श्रद्धालु ने भी अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए।