scorecardresearch
Advertisement

Krishna Janmashtami: देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास, मथुरा से बद्रीनाथ तक विशेष तैयारी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देशभर के प्रमुख मंदिरों में जन्मोत्सव की विशेष तैयारियां की गई हैं। मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जहां मध्यरात्रि में कान्हा के प्राकट्य का उत्सव मनाया जाएगा। दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में तड़के चार बजे से मध्यरात्रि तक दर्शन और भजन-कीर्तन का क्रम तय किया गया है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में भी कपाट रात्रि में खुले रहेंगे और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद भगवान बद्री विशाल को भोग लगाकर शयन आरती की जाएगी। वहीं राजस्थान के जैसलमेर स्थित श्री गिरधारी जी मंदिर में भी विशेष हिंडोला सजाया गया है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस बार जन्माष्टमी पर द्वापर युग जैसे दुर्लभ ग्रह संयोग बन रहे हैं। मध्यरात्रि में वृष लग्न और वृष राशि में चंद्रमा के साथ रोहिणी नक्षत्र की उपस्थिति रहेगी। साथ ही उच्च राशि के गुरु से बना हंस महापुरुष योग और स्वराशि तुला में शुक्र का गोचर इस पर्व को ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास बना रहा है।