scorecardresearch
Advertisement

जन्माष्टमी पर देशभर में उत्सव की तैयारी, मथुरा में 200 किलो चांदी से सजा गर्भगृह, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

देशभर में 4 सितंबर को मनाए जाने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भगवान के 5253वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गर्भगृह को करीब 200 किलोग्राम चांदी से सजाया गया है और पांच दिवसीय विशेष अनुष्ठान शुरू हो चुके हैं. जन्मोत्सव पर 50 से 75 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. वहीं राजस्थान के जयपुर स्थित गुप्त वृंदावन धाम में 32 किस्म के फूलों से भव्य फूल बंगला सजाया जा रहा है और 108 प्रकार के विशेष भोग की तैयारी है. इसके अलावा राजस्थान के धौलपुर में कारीगर ठाकुर जी की आकर्षक पोशाकें तैयार कर रहे हैं, जबकि हरियाणा के करनाल में लड्डू गोपाल के विशेष शृंगार के लिए कान्हा पार्लर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. मथुरा, झांसी और आगर-मालवा सहित विभिन्न शहरों के बाजारों में लड्डू गोपाल के झूले, मुकुट, मोरपंख और पोशाकों की जमकर खरीदारी हो रही है.