भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव आज मसूरी के वेलकम होटल द सेवॉय में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका से शादी के बंधन में बंध जाएंगे। दोनों ने पिछले साल जून में सगाई की थी और शादी पहले नवंबर में तय हुई थी, लेकिन टी20 विश्व कप के कारण तारीख आगे बढ़ाई गई। शादी की तैयारियां 12 मार्च से चल रही हैं और हल्दी, मेहंदी और संगीत की रस्में धूमधाम से हुईं। युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह और उनकी मंगेतर प्रिया सरोज, फील्डिंग कोच टी दिलीप और ऋषभ पंत समेत कई क्रिकेटर मसूरी पहुंच चुके हैं। महेंद्र सिंह धोनी और जय शाह के भी आने की चर्चा है। लगभग दो सौ मेहमानों के आने की उम्मीद है, जिनमें रोहित शर्मा, सूर्य कुमार यादव और गौतम गंभीर शामिल हैं। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन होगी।