GNT Special | कथावाचक संत मोरारी बापू की अगुआई में आयोजित ऐतिहासिक मानस भारत स्वास्थ्य यात्रा के पहले चरण का 23 अक्टूबर को केदारनाथ धाम में समापन हुआ. यह आध्यात्मिक यात्रा 10 अक्टूबर को कन्याकुमारी से दो विशेष ट्रेनों के जरिए शुरू हुई थी। यात्रा का मूल उद्देश्य देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए राष्ट्रीय एकीकरण, प्रेम, शांति और सांस्कृतिक एकता का संदेश देना है. कन्याकुमारी से शुरू होकर यह यात्रा आदि शंकराचार्य की जन्मस्थली कालड़ी, कर्नाटक के श्रृंगेरी शारदाम्बा मंदिर, महाराष्ट्र के तुळजापुर, मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, झांसी के ऐतिहासिक किले, मथुरा-वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर, कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर, अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब व दुर्ग्याना मंदिर और जम्मू के रघुनाथ मंदिर से होते हुए केदारनाथ धाम पहुँची. इस यात्रा का दूसरा चरण 14 नवंबर से 22 नवंबर तक गुजरात के द्वारका से ओडिशा के जगन्नाथपुरी तक आयोजित होगा.