नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा के साथ देशभर के मंदिरों में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भैंसवा माता के धाम में नवरात्र के छठे दिन भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ जहां एक साथ 2,51,000 मिट्टी के दीपक जलाए गए। मां भैंसवा के मंदिर में संतान प्राप्ति की मान्यता है और जिनकी मनोकामना पूर्ण होती है वे मंदिर में पालना चढ़ाते हैं। मंदिर प्रांगण में पिछले पांच साल से 108 कुंडी महायज्ञ चल रहा है। वाराणसी में गंगा नदी के किनारे स्थित मां विशालाक्षी का शक्तिपीठ जहां भक्त सौंदर्य और संपदा का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। यह धाम देवी के इक्यावन शक्तिपीठों में गिना जाता है। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के मंदिर में भक्त अपनी मनोकामना कागज पर लिखकर अर्जी लगाते हैं। नवरात्र के दौरान मां वैष्णो देवी धाम में पिछले छह दिनों में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।