भारतीय सिनेमा में सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्मों का दौर लगातार बढ़ रहा है. इसी कड़ी में 26/11 मुंबई आतंकी हमले और अजमल कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले मशहूर सरकारी वकील उज्जवल निकम के कानूनी संघर्ष पर आधारित फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम' रिलीज होने जा रही है. फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव ने उज्जवल निकम का मुख्य किरदार निभाया है, जबकि वामिका गब्बी उनकी पत्नी की भूमिका में हैं. फिल्म में यह दिखाया गया है कि कैसे अदालत में सबूतों और संविधान की ताकत से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की साजिश को दुनिया के सामने बेनकाब किया गया. विशेष बातचीत में उज्जवल निकम ने बताया कि यह फिल्म उनकी कोई निजी बायोग्राफी या ग्लोरीफिकेशन नहीं है, बल्कि इसमें अदालत की वास्तविक कार्यवाही और असली तथ्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है. साथ ही इसमें कसाब के ट्रायल में लगे समय और भारतीय न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता से जुड़े कई सवालों के जवाब भी दिए गए हैं.