चैत्र नवरात्र के पहले दिन, 19 मार्च को अयोध्या के राम मंदिर में एक विशेष आयोजन होने जा रहा है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. इस अवसर पर राष्ट्रपति मंदिर के द्वितीय तल के गर्भगृह में श्री राम यंत्र की स्थापना करेंगी. यह स्वर्ण जड़ित, चार फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा यंत्र दो साल पहले कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य विजयेंद्र सरस्वती द्वारा अयोध्या भेजा गया था. धर्मशास्त्रों के अनुसार, इस यंत्र पर प्रभु राम के बीज मंत्र अंकित हैं और इसे दिव्य ऊर्जा व आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक माना जाता है. इस आयोजन के लिए मंदिर परिसर में नौ दिवसीय वैदिक अनुष्ठान चल रहे हैं और इसमें देशभर से 300 संत, महामंडलेश्वर और लगभग 7000 अतिथि शामिल होंगे. राष्ट्रपति का यह अयोध्या दौरा उनके तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश के धार्मिक और आध्यात्मिक दौरे का हिस्सा है, जिसमें वह मथुरा-वृंदावन के मंदिरों का भी भ्रमण करेंगी.