रामानंद सागर के ऐतिहासिक धारावाहिक 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल अब नमित मल्होत्रा की भव्य फिल्म 'रामायण' में राजा दशरथ के रूप में नजर आ रहे हैं. 39 साल के लंबे अंतराल के बाद दोनों प्रस्तुतियों के बीच अरुण गोविल एक जीवंत कड़ी बनकर उभरे हैं. कार्यक्रम 'बंदे में है दम' में उनके व्यक्तिगत और पेशेवर सफर को रेखांकित किया गया. 1975 में मेरठ से कारोबारी बनने मुंबई पहुंचे अरुण गोविल ने ताराचंद बड़जात्या की फिल्म 'पहेली' से अभिनय की शुरुआत की थी. रामानंद सागर के 'विक्रम और बेताल' में विक्रमादित्य के रोल के बाद उन्हें 'रामायण' मिली, जिसने उन्हें अपार श्रद्धा और लोकप्रियता दिलाई. हालांकि इस छवि से उनके फिल्मी करियर पर असर भी पड़ा. इसके साथ ही उनके राजनीतिक सफर, 1988 में राजीव गांधी के प्रस्ताव से लेकर 2024 में मेरठ से भाजपा सांसद बनने तक के घटनाक्रम को भी विस्तार से सामने रखा गया है.