scorecardresearch

Sankashti Chaturthi: संकष्टी चतुर्थी पर सिद्धि विनायक मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, बप्पा के दर्शन के लिए लगी कतारें

ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर विभुवन संकष्टी चतुर्थी मनाई जा रही है. इस बार यह व्रत पुरुषोत्तम मास में पड़ने के कारण इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है. इस पावन अवसर पर मुंबई के प्रभादेवी स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. मंदिर में भगवान गणेश का भव्य शृंगार किया गया और विशेष आरती संपन्न हुई. लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन के लिए मंदिर प्रशासन और मुंबई पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है. दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए अलग से दर्शन की व्यवस्था की गई है. गर्मी को देखते हुए कूलर, एसी और पानी का भी प्रबंध किया गया है. दादर स्टेशन से मंदिर तक श्रद्धालुओं को लाने के लिए एसी बसों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु तीन से चार घंटे कतारों में लगकर भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं.