राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर में इस साल चढ़ावे का नया रिकॉर्ड बना है. साल 2025-26 में भगवान के खजाने में 337 करोड़ रुपये से ज्यादा का दान आया है. मेवाड़ के इस प्रसिद्ध कृष्ण धाम में भक्त भगवान को अपने व्यापार का साझीदार मानते हैं और मुनाफे का एक हिस्सा उन्हें अर्पित करते हैं. यहां किसान से लेकर बड़े उद्योगपति तक अपनी श्रद्धा के अनुसार दान करते हैं. मंदिर में नकदी, सोना-चांदी के अलावा मन्नत पूरी होने पर चांदी की एके-47, पेट्रोल पंप का फ्यूल डिस्पेंसर और हथकड़ियां जैसी अनोखी चीजें भी चढ़ाई जाती हैं. मान्यताओं के अनुसार, औरंगजेब के शासनकाल में इन मूर्तियों को छिपाया गया था, जिन्हें बाद में 1840 में निकाला गया. आज यह मंदिर देशभर के व्यापारियों और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है, जहां हर साल चढ़ावे की रकम बढ़ती जा रही है.