scorecardresearch
Advertisement

सावन शिवरात्रि पर काशी से देवघर तक शिवालयों में उमड़ी भीड़, करोड़ों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर देशभर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। काशी विश्वनाथ मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं, प्रयागराज के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर में भी सावन शिवरात्रि और अमावस्या के महासंयोग पर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया। झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में सुल्तानगंज से 105 किलोमीटर नंगे पांव पदयात्रा कर पहुंचे कांवड़ियों और बड़ी संख्या में महिला शिव भक्तों ने पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके अलावा सहारनपुर के प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर और हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों ने कतारबद्ध होकर पूजा-अर्चना की। हरिद्वार में करीब चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ वार्षिक कांवड़ मेला सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने भी जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया।