scorecardresearch
Advertisement

Navratri: मंदिरों में उमड़ी भीड़, महाअष्टमी पर कन्या पूजन और संधि पूजा का जानें शुभ मुहूर्त

शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन देशभर के मंदिरों और घरों में माता के दर्शन व पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह 8 बजकर 26 मिनट तक सप्तमी तिथि होने के कारण कई मंदिरों में मां कालरात्रि के स्वरूप की आराधना की गई। इसके बाद महाअष्टमी तिथि का शुभारंभ हुआ, जो 19 अक्टूबर की सुबह 10 बजकर 51 मिनट तक रहेगी। ज्योतिषविदों के अनुसार 18 अक्टूबर को अष्टमी पर उदया तिथि न मिलने के कारण कन्या पूजन 19 अक्टूबर को किया जाना शास्त्रसम्मत बताया गया है। वहीं संधि पूजा का शुभ मुहूर्त 19 अक्टूबर को सुबह 10 बजकर 27 मिनट से 11 बजकर 15 मिनट तक रहेगा। दिल्ली के झंडेवालान और कात्यायनी मंदिर समेत देशभर के शक्तिपीठों में श्रद्धालु सुबह की आरती में शामिल होकर दर्शन पूजन कर रहे हैं।