उज्जैन में 27 मार्च 2028 से शुरू होने वाले 60 दिवसीय सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं. मध्य प्रदेश सरकार का अनुमान है कि इस धार्मिक महोत्सव में देश-विदेश से 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे. उज्जैन शहर की संकरी गलियों और सड़कों को मास्टर प्लान के तहत चौड़ा किया जा रहा है, ताकि भीड़ नियंत्रण में कोई बाधा न आए. इस अभियान में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के पैतृक मकान के हिस्से को भी हटाया गया है. योजना के अंतर्गत क्षिप्रा नदी पर 29 किलोमीटर लंबे नए घाटों का निर्माण, बाईपास, फ्लाईओवर और 2400 विशेष शटल बसों की व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा आईआईएम इंदौर को ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की कार्य योजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मेले में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 16 हजार से अधिक सफाईकर्मी, 50 हजार शौचालय और 500 अस्थायी अस्पताल व कैंप स्थापित किए जाएंगे.