वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर देश के पहले 'हब एंड स्पोक' मॉडल की शुरुआत हो गई है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस विमान सेवा का शुभारंभ किया. इसके शुरू होने से बनारस के यात्रियों का इमिग्रेशन क्लीयरेंस और बैगेज चेकिंग यहीं हो जाएगी, जिससे उन्हें बड़े हब एयरपोर्ट्स पर दोबारा इन औपचारिकताओं से नहीं गुजरना पड़ेगा. इसके साथ ही, वाराणसी कैंट से गोदौलिया के बीच बन रहे पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का किराया भी तय कर दिया गया है. करीब 4 किलोमीटर लंबे इस रोपवे का अधिकतम किराया 50 रुपये और न्यूनतम 10 रुपये होगा. इसका निर्माण अंतिम चरण में है और अगस्त तक इसके उद्घाटन की संभावना है. वहीं, काशी के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का 90 प्रतिशत काम भी पूरा हो चुका है. शिव और गंगा की थीम पर तैयार हो रहे इस अत्याधुनिक स्टेडियम में सेंसर बेस्ड ड्रेनेज सिस्टम और बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.