दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते प्रसार और इससे जुड़े सुरक्षा जोखिमों को लेकर तकनीकी विशेषज्ञों ने चिंता व्यक्त की है. OpenAI, Anthropic और Google DeepMind जैसे टेक संस्थानों से जुड़े 1100 से अधिक विशेषज्ञों ने अमेरिकी सरकार को एक खुला पत्र भेजकर AI की विकास दर को धीमा करने और कड़े रेगुलेशन लागू करने की मांग की है. विशेषज्ञों के अनुसार, स्वायत्त निर्णय लेने में सक्षम AI प्रणाली इंसानों के नियंत्रण से बाहर हो सकती है. बिना नियमन के नवाचार से साइबर अपराध, फ्रॉडजीपीटी, वार्मजीपीटी का उपयोग, वित्तीय धोखाधड़ी, डेटा लीक, भ्रामक कंटेंट, डीपफेक और AI आधारित हथियारों के खतरे बढ़ रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर AI के लिए कोई वैश्विक ढांचा नहीं होने से जवाबदेही तय करना कठिन हो रहा है. इस चर्चा में भारत सहित वैश्विक स्तर पर डेटा सुरक्षा, AI संचालित प्रणालियों की निगरानी और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कड़े नियम व कानून स्थापित करने का सुझाव दिया गया है.