अनंत चतुर्दशी के अवसर पर देशभर में गणपति विसर्जन की शोभायात्राएं धूमधाम से निकाली जा रही हैं. मुंबई में लालबागचा राजा, गणेश गली के मुंबई के राजा और परेल के राजा समेत कई प्रमुख मंडलों की विसर्जन यात्राएं शुरू हो चुकी हैं. लालबागचा राजा की शाही सवारी को विसर्जन के लिए गिरगांव चौपाटी तक ले जाया जा रहा है, जहां देर रात प्रतिमा का विसर्जन होगा. विसर्जन मार्गों पर रंगोलियां सजाई गई हैं और लाखों श्रद्धालु बप्पा के अंतिम दर्शन के लिए जुटे हैं. मुंबई में सुरक्षा के लिए 22 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी के लिए एआई कैमरों व सीसीटीवी का उपयोग किया जा रहा है. इसके अलावा पुणे, नागपुर और अकोला में भी ढोल-ताशों और जयकारों के साथ गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई दी जा रही है.