देशभर में शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धाभाव के साथ की गई. दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, इंदौर और अकोला के प्रसिद्ध मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में 140 करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों से सुसज्जित मां दुर्गा का पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. गुजरात के राजकोट, जामनगर, सूरत और नवसारी में पारंपरिक गरबा, मशाल रास और 120 साल पुराने डोरी रास का आयोजन किया जा रहा है. कथावाचक मुरारी बापू की भारत स्वास्तिक यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई, वहीं जया किशोरी ने कांगड़ा के ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन किए. इसके साथ ही राजकोट के मिनिएचर आर्टिस्ट डॉ. निकुंज वागड़िया ने एक सेंटीमीटर चौड़ी और चार सेंटीमीटर लंबी दुनिया की सबसे छोटी हनुमान चालीसा तैयार की है, जिसका वजन केवल एक ग्राम है.