पवित्र सावन महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर के शिव मंदिरों और ज्योतिर्लिंगों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में तड़के पंचामृत अभिषेक और भांग श्रृंगार के बाद भव्य भस्म आरती का आयोजन किया गया, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की. दिल्ली के प्राचीन गौरी शंकर मंदिर, श्री आद्य कात्यायनी शक्तिपीठ और जयपुर के ताड़केश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्त रुद्राभिषेक और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं. हरिद्वार, देवघर और अन्य प्रमुख धामों में कांवड़ यात्रा के तहत शिव भक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं. पंडितों के अनुसार सावन के दौरान व्रत, जलाभिषेक और शिव आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इस पावन महीने में कुल चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिन्हें धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष का प्रतीक माना जाता है. मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.