scorecardresearch

Lord Hanuman Ji: हनुमान जी के 12 चमत्कारी नाम, जाप के फायदे और चित्रकूट की हनुमान धारा का रहस्य

गुड न्यूज़ टुडे के खास कार्यक्रम 'प्रार्थना और स्वीकार' में शगुफ्ता साहिल देव ने हनुमान जी के बारह चमत्कारी नामों की महिमा बताई है. कलयुग में संकट मोचन हनुमान की उपासना सबसे उत्तम फल देती है. उनके बारह दिव्य नाम- हनुमान, अंजनी सुत, वायुपुत्र, महाबली, रामेष्ट, फाल्गुन सखा, पिंगाक्ष, अमित विक्रम, उद्धि क्रमण, सीता शोक विनाशन, लक्ष्मण प्राण दाता और दशग्रीव दर्पदा हैं. इन नामों का प्रातः, दोपहर या रात में जाप करने से आयु, धन और शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है. पीले कागज पर लाल रंग से इन नामों को लिखकर मुख्य द्वार पर लगाने या भोजपत्र पर अष्टगंध से लिखकर लॉकेट में पहनने से व्यक्ति की रक्षा होती है. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में स्थित हनुमान धारा का भी वर्णन किया गया है. पौराणिक कथा के अनुसार, लंका दहन के बाद हनुमान जी की पूंछ की जलन शांत करने के लिए भगवान राम ने अपने बाण से यह शीतल जलधारा प्रकट की थी. यहां पंचमुखी हनुमान जी के दर्शन से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.