जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है. जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से श्रद्धालुओं का पहला जत्था बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हो रहा है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सुबह चार बजे इस जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. उपराज्यपाल ने यात्री निवास पहुंचकर सुरक्षा और तैयारियों का जायजा लिया. सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीआरपीएफ और डॉग स्क्वॉड द्वारा वाहनों और सामान की चेकिंग की जा रही है. सभी श्रद्धालुओं के लिए आरएफआईडी (RFID) कार्ड और टोकन अनिवार्य किए गए हैं. तवी रिवर फ्रंट पर नए रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु महा आरती में शामिल हो रहे हैं. इस वर्ष अमरनाथ गुफा में छह से सात फीट ऊंचा प्राकृतिक शिवलिंग बना है. देश भर से पहुंचे श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर उत्साह है. यह अमरनाथ यात्रा बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों से शुरू होकर रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी. प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम किए हैं.