नेपाल में भीषण बाढ़ और सैलाब के बाद प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य बड़े पैमाने पर जारी है. नुवाकोट, रसुवा और धाडिंग समेत कई जिलों में सेना, सशस्त्र पुलिस और राहत टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं. रसुवा में तीन दिनों तक मलबे में दबी रही छह साल की एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बेहतर उपचार के लिए काठमांडू भेजा गया. वहीं त्रिशुली और रसुवागढ़ी जैसी विभिन्न जल विद्युत परियोजनाओं की बंद सुरंगों में फंसे सैकड़ों लापता मजदूरों को निकालने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इन अभियानों में ड्रोन, ऑक्सीजन पाइप और भारी उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है. भारत की ओर से भी तकनीकी विशेषज्ञों की टीम राहत सामग्री के साथ नेपाल पहुंची है और स्थानीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर काम कर रही है. इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों के माध्यम से लोगों को भोजन और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है.