21 जून को होने वाली Re-NEET परीक्षा के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पेपर लीक और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए इस बार प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए वायुसेना के हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया है। देशभर के 5500 से अधिक केंद्रों पर 22.79 लाख से ज्यादा छात्र यह परीक्षा देंगे। केंद्रों के अंदर सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF को सौंपी गई है। इसके अलावा, मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और हाई सेंसिटिव मेटल डिटेक्टर का उपयोग किया जा रहा है। परीक्षा से पहले 2.5 लाख सुरक्षाकर्मियों के साथ मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई है। कोटा में दोबारा परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों में भी भारी उत्साह है और वे निराशा को पीछे छोड़कर परीक्षा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। छात्रों को इस बार 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।