गुजरात के सोमनाथ मंदिर में 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक कुंभाभिषेक किया गया। 11 तीर्थों के पवित्र जल से 90 मीटर ऊंचे शिखर पर कलश के जरिए अभिषेक हुआ। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए और उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही वायुसेना की सूर्य किरण टीम ने एयर शो का प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ, उत्तराखंड में खराब मौसम और बर्फबारी के बावजूद चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। केदारनाथ में अब तक चार लाख से अधिक भक्त दर्शन कर चुके हैं, जबकि यमुनोत्री और बद्रीनाथ में भी यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन यात्रा को सुरक्षित बनाने में जुटा है। वहीं, अयोध्या में राम मंदिर परिसर का निर्माण कार्य 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्रा ने बताया कि अब सरयू तट पर बन रहे भव्य अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जिसमें 20 अत्याधुनिक गैलरियां होंगी।