देशभर में दीपोत्सव की शुरुआत के साथ धनतेरस का पर्व विशेष उत्साह से मनाया जा रहा है. इस बार धनतेरस पर चित्रा नक्षत्र, अमृत सिद्धि और प्रीति योग जैसे तीन शक्तिशाली योगों का दुर्लभ संयोग बन रहा है. त्रयोदशी तिथि शुक्रवार को पड़ने के कारण शुक्र प्रदोष व्रत का भी खास अवसर मिल रहा है, जिससे भगवान धन्वंतरि, कुबेर देव और मां लक्ष्मी के साथ-साथ भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना का विधान है. शाम के समय पूजा के विशेष मुहूर्त उपलब्ध रहेंगे. त्योहार को लेकर मुंबई के ज़वेरी बाजार से लेकर अमरावती के गांधी चौक तक बाजारों में बर्तन, अष्टधातु की मूर्तियां और पूजा सामग्री खरीदने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है. वहीं जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना के जवानों ने भी अग्रिम चौकियों पर दीये जलाकर और पूजा कर दीपावली का पर्व मनाया.