बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलने जा रहे हैं. अक्षय तृतीया के अवसर पर बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर गौरीकुंड पहुंच रही है, जहां रात्रि विश्राम और भव्य आरती का आयोजन होगा. केदारनाथ में बर्फबारी और ठंड के कारण यात्रियों को गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह दी गई है. इसी क्रम में 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट भी खोल दिए जाएंगे. दूसरी ओर, मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर जी के चरण दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. अयोध्या के राम मंदिर परिसर में 29 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिव मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे और राम मंदिर ट्रस्ट ने 15 नए अर्चकों की नियुक्ति की है.