उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में दयारा बुग्याल में समुद्र तल से 11 हजार फीट की ऊंचाई पर अंदूरी उत्सव यानी बटर फेस्टिवल का आयोजन किया गया. इस पर्व में ग्रामीणों ने समेश्वर देवता की पूजा-अर्चना के बाद मक्खन, दूध और मट्ठा से होली खेली. यह उत्सव पशुधन की समृद्धि और प्रकृति के प्रति आभार जताने के लिए मनाया जाता है. वहीं सावन माह के अवसर पर महाराष्ट्र के पुणे में स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर और प्रयागराज के कोटेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. भीमाशंकर में भक्त जंगलों व कोहरे के बीच दर्शन कर रहे हैं, जबकि कोटेश्वर धाम का संबंध पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम से है. दूसरी ओर मुंबई और तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में गणेश उत्सव की तैयारियां जारी हैं. दक्षिण मुंबई के काला चौकी इलाके में महा गणपति की 22 फीट ऊंची प्रतिमा को पंडाल में स्थापित किया गया है. ढोल-ताशों के बीच बप्पा का आगमन हुआ. इस बार महा गणपति को महालक्ष्मी अवतार में शेर पर सवार दिखाया गया है, जिसकी झांकी कोल्हापुर के महालक्ष्मी मंदिर से प्रेरित है. 14 सितंबर से दर्शन शुरू होंगे.