उत्तर भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. पहाड़ों पर ताज़ा बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 21 मार्च तक बर्फबारी जारी रह सकती है. हिमाचल के डलहौजी, मनाली और उत्तराखंड के औली जैसे पर्यटन स्थलों पर सैलानी इस मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं. वहीं, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले दो-तीन दिन बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी. IMD ने 19 से 21 मार्च के लिए दिल्ली में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.