दिल्ली के मौजपुर स्थित एक प्ले स्कूल में तीन साल के बच्चे के साथ मारपीट और उसे कुर्सी से बांधने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर सहायिका को हिरासत में लिया है. इस घटना के बाद प्ले स्कूलों के संचालन, सुरक्षा नियमों और शारीरिक दंड पर रोक को लेकर बहस शुरू हो गई है. विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने प्ले स्कूलों में अप्रशिक्षित स्टाफ की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए सीसीटीवी निगरानी, कड़े दिशा-निर्देश और योग्य चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट की नियुक्ति को अनिवार्य करने की मांग की है. इसके अलावा स्कूलों में बच्चों व शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन, काउंसलर्स की भूमिका और शिक्षा विभाग द्वारा नियमित अकादमिक निरीक्षण की जरूरत पर भी विस्तृत चर्चा की गई.