England Team (Photo: PTI)
England Team (Photo: PTI)
भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है. भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 7 रनों से हरा दिया. अब भारत कप पर कब्जा करने से सिर्फ एक कदम दूर है. फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद में खेला जाएगा. इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 253 रन बनाए थे. वानखेड़े स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 246 रनों पर ढेर हो गई. आइए जानते हैं इंग्लैंड के कौन-कौन खिलाड़ी हार की मुख्य वजह बने. जैकब बेथल ने शतक लगाया लेकिन वह अपनी टीम जीत नहीं दिला सके.
1. फिल साल्ट: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड की टीम को ओपनर फिल साल्ट से बहुत ज्यादा उम्मीद थी लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे. करो या मरो मैच में फिल साल्ट 3 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने.
2. हैरी ब्रूक: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में कप्तान हैरी ब्रूक से इंग्लैंड को काफी उम्मीदें थी. इंग्लैंड के क्रिकेट प्रेमियों को लग रहा था कि भारत के खिलाफ मैच में हैरी ब्रूक का बल्ला खूब बोलेगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका. ब्रूक 6 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए. जसप्रीत बुमराह ने उन्हें पैवेलियन का रास्ता दिखाया. कप्तान हैरी ब्रूक के आउट होने के बाद इंग्लैंड की टीम दबाव में आ गई.
3. जोफ्रा आर्चर: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर कुछ कमाल नहीं दिखा सके. भारतीय बल्लेबाजों ने इनकी जमकर धुलाई की. जोफ्रा आर्चर ने अपने 4 ओवर में 61 रन दिए. उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला.
4. सैम करन: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन भी अपना प्रभाव न बैटिंग में और न ही बॉलिंग में छोड़ पाए. सैम करन ने गेंदबाजी में 4 ओवर में 53 रन दिए और उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला. बैटिंग में उन्होंने 18 रन बनाए.
5. जोस बटलर: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के बेहतरीन बल्लेबाज जोस बटलर से बड़े पारी की उम्मीद थी लेकिन वह 17 गेंदों में सिर्फ 25 रन बनाकर आउट हो गए. बड़े मुकाबलों में अक्सर खूब रन बनाने वाले बटलर भारत के खिलाफ कोई खास कमाल नहीं दिखा सके.
सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग-11: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती.
सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड की प्लेइंग-11: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवर्टन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद.