scorecardresearch

IND vs ENG Semifinal Turning Point: बुमराह का अंतिम स्पेल... अक्षर पटेल का कैच, ये रहे भारत की जीत के टर्निंग प्वाइंट, वरना इंग्लैंड चेज कर लेता 254 रन 

Turning Point of India Victory: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत पहुंच चुका है. भारत ने सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया. भारत के 253 रन बनाने के बावजूद ऐसा लग रहा था कि कहीं इंग्लैंड न जीत जाए लेकिन टीम इंडिया के धाकड़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के अंतिम स्पेल और अक्षर पटेल के कैच ने मैच का पासा पलट दिया. भारत की जीत में ये टर्निंग प्वाइंट रहा.

IND vs ENG Semifinal Turning Point IND vs ENG Semifinal Turning Point

टीम इंडिया एक बार फिर से टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है. भारत ने सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन बनाए थे. ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम बड़ी जीत दर्ज करेगी लेकिन इंग्लैंड ने भी 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन बना दिए. भले ही इंग्लैंड को हार मिली लेकिन एक समय तो ऐसा लग रहा था कि कहीं इंग्लैंड न जीत जाए लेकिन टीम इंडिया के धाकड़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के अंतिम स्पेल और अक्षर पटेल के कैच ने मैच का पासा पलट दिया. भारत 7 रनों से मैच जीतने में कामयाब रहा. अब 8 मार्च को फाइनल में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा.

बुमराह की वो 12 गेंदें, जिसने भारत की जीत पर लगाई मुहर
भारत-इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में जहां पहले भारतीय बल्लेबाजों ने रनों की बरसात की तो वहीं बाद में इंग्लैंड के बल्लेबाज भी रन बनाने में कम नहीं रहे. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में जहां भारतीय गेंदबाज सैम करन, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे जैसे गेंदबाजों ने 10 से ज्यादा की इकोनॉमी से रन दिए वहीं, जसप्रीत  बुमराह ने सिर्फ 8.2 की इकोनॉमी से गेंदबाजी कर इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश लगा दिया. 

भारत की जीत और इंग्लैंड की हार के बीच बुमराह के वो 12 गेंदें रहीं, जिसने भारत की जीत पर मुहर लगाई. बुमराह टी-20 क्रिकेट में 17वां और 19वां या फिर 18वां और 20वां ओवर डालते हैं. इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने चालाकी दिखाई. उन्होंने बुमराह से 16वां और 18वां ओवर डलवा दिया. इससे अंत के लिए इतने रन बच गए जो कोई भी गेंदबाज डिफेंड कर सकता था. बुमराह ने 16वें ओवर में सिर्फ 8 रन दिए. इससे इंग्लैंड पर दबाव बढ़ गया. इसके बाद बुमराह ने 18वें ओवर में महज 6 रन खर्च किए. बुमराह की आखिरी 12 गेंदों में इंग्लैंड के बल्लेबाज सिर्फ 1 बाउंड्री लगा पाए. बुमराह की सटीक यॉर्कर और धीमी गेंदों के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाजों की एक न चली. प्रेशर फिर इंग्लैंड के ऊपर आ गया था. यहां से इंग्लैंड को जीत के लिए 2 ओवर में 39 रनों की दरकार थी. 19वां ओवर लेकर आए हार्दिक पांड्या ने 1 विकेट लेकर सिर्फ 9 रन दिए. इंग्लिश टीम को अंतिम ओवर में जीत के लिए 30 रन चाहिए थे. आखिरी ओवर शिवम दुबे ने फेंका और टीम को 7 रन से जीत दिला दी. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 33 देकर 1 विकेट अपने नाम किया, जो काफी निर्णायक साबित हुआ. इस टी-20 विश्व कप में बुमराह ने 7 मैचों में 10 विकेट लिए हैं. 

अक्षर पटेल ने लपका बेहतरीन कैच 
अक्षर पटेल ने भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में बेहतरीन कैच पकड़ा जो भारत की जीत में टर्निंग प्वॉइंट रहा. इस कैच से पहले ऐसा लगा रहा था इंग्लैंड भारत से मैच जीत जाएगा लेकिन कैच के बाद मैच का पासा पलट गया. अक्षर ने अर्शदीप सिंह की गेंद पर 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर बाउंड्री लाइन के करीब इंग्लैंड के विल जैक्स का कैच पकड़ा. इस कैच को पूरा करने में शिवम दुबे ने अहम योगदान दिया, जिसके चलते रिकॉर्ड में कैच शिवम दुबे के नाम पर ही दर्ज किया गया. 

अर्शदीप ने वाइड लाइन पर गेंद फेंकी, जिस पर जैक्स ने बल्ला घुमाया. गेंद को अपने करीब आता देख अक्षर ने लंबी डाइव लगाकर गेंद को लपका, लेकिन उन्होंने बैलेंस खो दिया. अक्षर ने बाउंड्री में घुसने से पहले गेंद को बाहर फेंका, जहां मौजूद शिवम दुबे ने उसे लपककर कैच पूरा कर लिया. इस तरह रिकॉर्ड में कैच दुबे के नाम पर लिखा गया.  कैच पकड़ने के बाद इंग्लैंड को अंतिम 6 ओवर में 82 रनों की दरकार थी. इंग्लैंड टीम के लिए सेट बल्लेबाज के आउट हो जाने के बाद इतना बड़ा टोटल बनाना बहुत मुश्किल हो गया था. यदि जैक्स खड़े रहते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था.