Afghanistan vs Canada, T20 World Cup
Afghanistan vs Canada, T20 World Cup
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान ने अपने आखिरी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कनाडा को 82 रन से हराकर टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ किया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 200 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में कनाडा की टीम अफगान गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 118 रन पर ही सिमट गई। इस जीत के हीरो इब्राहिम जादरान और मोहम्मद नबी रहे.
जादरान की शानदार पारी से बना बड़ा स्कोर
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी रही. रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 47 रन जोड़े. गुरबाज ने 20 गेंदों में 30 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद गुलबदीन नायब भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
49 रन पर दो विकेट गिरने के बाद इब्राहिम जादरान ने पारी को संभाला. उन्होंने सेदिकुल्लाह अटल के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 95 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. अटल ने 32 गेंदों में 44 रन बनाए. इसके बाद जादरान ने अजमतुल्लाह उमरजई और दरवेश रसूली के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
इब्राहिम जादरान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 95 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। कनाडा की ओर से जसकरण सिंह ने 3 विकेट लिए.
अफगान गेंदबाजों के सामने ढेर हुई कनाडा
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम ने तेज शुरुआत की. ओपनर युवराज सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने 2.2 ओवर में 25 रन जोड़े. हालांकि, दिलप्रीत 13 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद टीम लगातार विकेट गंवाती रही. 48 रन तक कनाडा के पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. इसके बाद साद बिन जफर और हर्ष ठाकर ने छठे विकेट के लिए 53 रन जोड़कर टीम को 100 के पार पहुंचाया. हर्ष ने 24 गेंदों में 30 रन बनाए, जबकि साद ने 28 रन का योगदान दिया. लेकिन यह साझेदारी टीम को जीत नहीं दिला सकी.
अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद नबी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट लिए. कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी.
जीत के साथ खत्म हुआ अभियान
इस तरह अफगानिस्तान ने 82 रन की बड़ी जीत दर्ज कर अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान का सकारात्मक अंत किया. टीम के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रही, जिसमें बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला.
ये भी पढ़ें: