scorecardresearch

T20 World Cup 2026 India-Pakistan: सुपर-8 में भारत-पाकिस्तान, क्या फिर इंडिया-पाक में होगी टक्कर? ऐसा है समीकरण

T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जहां भारत शान से पहुंचा है तो वहीं पाकिस्तान भी नामीबिया के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला जीत कर पहुंच गया है. ऐसे में क्रिकेट प्रेमी जानना चाहते हैं कि क्या इस विश्व कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान में टक्कर हो सकती है. आइए जानते हैं क्या समीकरण बन रहा है?  

Advertisement
T20 World Cup 2026 T20 World Cup 2026

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में हिस्सा ले रहीं 20 टीमों में से 12 का पत्ता कट गया है. सुपर-8 के लिए आठ टीमें तय हो गई हैं. सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम ने अपने ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीते हैं.

भारत ने ग्रुप स्टेज के पहले मैच में यूएस को 29 रन से हराया था. दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रन से और तीसरे मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराया था. भारत ग्रुप स्टेज के अपने आखिर मैच में बुधवार को खेले गए मैच में नीदरलैंड को 17 रन से हराया था. इस तरह से टी-20 विश्व कप 2026 में भारत ने लगातार चौथी जीत दर्ज की. टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जहां भारत शान से पहुंचा है तो वहीं पाकिस्तान भी नामीबिया के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला जीत कर पहुंच गया है. ऐसे में क्रिकेट प्रेमी जानना चाहते हैं कि क्या इस विश्व कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान में टक्कर हो सकती है. आइए जानते हैं क्या समीकरण बन रहा है?  

किस ग्रुप से किसने सुपर-8 में किया प्रवेश 
ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान ने सुपर-8 में प्रवेश किया है. ग्रुप बी में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. इस ग्रुप से श्रीलंका और जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंचे हैं. ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और ओमान ग्रुप चरण से ही बाहर हो गए. ग्रुप सी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें सुपर-8 में पहुंची हैं. ग्रुप डी से न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें सुपर-8 में पहुंची हैं. सुपर-8 के मुकाबले 21 फरवरी से खेले जाएंगे. शीर्ष आठ टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भिड़ेंगी. 

टी-20 विश्वकप 2026 सुपर-8 स्टेज
ग्रुप-1: भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे
ग्रुप-2: इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान 

भारत फिर कैसे भिड़ सकता है पाकिस्तान से 
सुपर-8 स्टेज में हर टीम को अपने-अपने ग्रुप की टीमों से एक-एक मुकाबला खेलना है. भारत ग्रुप-1 में और पाकिस्तान ग्रुप-2 में है.  इसका साफ मतलब है कि सुपर-8 में तो भारत-पाकिस्तान की बीच मुकाबला नहीं होगा लेकिन सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच टक्कर हो सकती है. यह तब होगा जब जब ग्रुप-1 से भारत टॉप पर बने रहते हुए सेमीफाइनल में जाए और पाकिस्तान की टीम सुपर-8 के ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम रहे. यदि भारत और पाकिस्तान दोनों ही सुपर-8 में अपने-अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहें तो इन दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों को फाइनल में पहुंचने का इंतजार करना होगा.

सुपर-8 स्टेज में भारत के मैच
1.
22 फरवरी: भारत बनाम साउथ अफ्रीका
2. 26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे
3. 1 मार्च: भारत बनाम वेस्टइंडीज

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान की टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक.