scorecardresearch

T20 Worldcup Super 8: भारत सुपर-8 में किन टीमों से भिड़ेगा, Team India का क्या है पूरा शेड्यूल?  आज नामीबिया जीता तो पाकिस्तान हो जाएगा बाहर 

T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 स्टेज की भारत सहित 7 टीमें तय हो चुकी हैं. आखिरी टीम का फैसला आज पाकिस्तान-नामीबिया मैच से होगा. यदि नामीबिया जीता तो पाकिस्तान बाहर हो जाएगा और अमेरिका की टीम सुपर-8 में पहुंच जाएगी. आइए जानते हैं क्या है सुपर-8 स्टेज का पूरा समीकरण?

Team India (File Photo: PTI) Team India (File Photo: PTI)

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में टीम इंडिया (Team India) का अभी तक का सफर शानदार रहा है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने अपने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच जीते हैं. इस तरह से भारतीय टीम शान से 6 प्वाइंट्स के साथ सुपर-8 के ग्रुप-1 में पहले स्थान पर पहुंची है. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के पहले मैच में अमेरिका को 29 रन से हराया था. दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रन से हराया था जबकि तीसरे मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराया था. सुपर-8 के ग्रुप-1 में साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज  और जिम्बाब्वे ने भी क्वालिफाई किया है. 

21 फरवरी से शुरू होगा सुपर-8 स्टेज
आपको मालूम हो कि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 20 फरवरी तक ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद 21 फरवरी से सुपर-8 स्टेज शुरू होगा. सुपर-8 में पहले दिन न्यूजीलैंड से पाकिस्तान या अमेरिका, दोनों में से कोई एक टीम भिड़ेगी. ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लैंड और श्रीलंका ने भी क्वालिफाई किया है. सुपर-8 में कुल 12 मैच खेले जाएंगे.

सुपर-8 स्टेज में 4-4 टीमों के 2 ग्रुप बनाए जाएंगे. हर टीम अपने ग्रुप में एक-दूसरे के खिलाफ 3-3 मैच खेलेगी. इस तरह से एक ग्रुप में कुल 6 मैच खेले जाएंगे. दोनों ग्रुप मिलाकर 12 मैच खेले जाएंगे. दोनों ग्रुप की 2-2 टॉप टीमें अगले राउंड में प्रवेश करेंगी. 4 मार्च को पहला सेमीफाइनल और 5 मार्च को दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा. इसमें जीतने वाली दो टीमें 8 मार्च को फाइनल में भिड़ेगी. यदि पाकिस्तान ने नॉकआउट राउंड में एंट्री की तो उसके सभी मैच कोलंबो में होंगे.

सुपर-8 की 7 टीमें तय 
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 स्टेज की 7 टीमें तय हो चुकी हैं. आखिरी टीम का फैसला बुधवार को दोपहर 3:00 बजे से पाकिस्तान और नामीबिया की बीच खेले जाने वाले मैच से होगा. यदि इस मैच में पाकिस्तान हार जाता है तो इस टीम का सफर इस विश्व कप में यहीं समाप्त हो जाएगा. नामीबिया के मैच जीतने पर अमेरिका ग्रुप-2 में पहुंच जाएगा.

टी-20 विश्वकप 2026 सुपर-8 स्टेज
ग्रुप-1: भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे
ग्रुप-2: इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान या अमेरिका

सुपर-8 स्टेज में भारत का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका से 
टीम इंडिया का ग्रुप-1 में सामना साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे से होगा. भारतीय टीम सुपर-8 में अपना पहला मैच अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका से 22 फरवरी को खेलेगी. इसके बाद भारतीय टीम 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे को हराने के लिए मैदान पर उतरेगी. भारत का सुपर-8 में अंतिम मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज से होगा.

सुपर-8 स्टेज में भारत के मैच
1. 22 फरवरी: भारत बनाम साउथ अफ्रीका
2. 26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे
3. 1 मार्च: भारत बनाम वेस्टइंडीज

सुपर-8 का ऐसा है पूरा शड्यूल
1.
न्यूजीलैंड vs टीम 8, 21 फरवरी, कोलंबो, शाम 7 बजे
2. श्रीलंका vs इंग्लैंड, 22 फरवरी, पल्लेकेले, दोपहर 3 बजे
3. भारत vs साउथ अफ्रीका, 22 फरवरी, अहमदाबाद, शाम 7 बजे
4. वेस्टइंडीज vs जिम्बाब्वे, 23 फरवरी, मुंबई, शाम 7 बजे
5. इंग्लैंड vs टीम 8, 24 फरवरी, पल्लेकेले, शाम 7 बजे
6. श्रीलंका vs न्यूजीलैंड, 25 फरवरी, कोलंबो, शाम 7 बजे
7. साउथ अफ्रीका vs वेस्टइंडीज, 26 फरवरी, अहमदाबाद, दोपहर 3 बजे
8. भारत vs जिम्बाब्वे, 26 फरवरी, चेन्नई, शाम 7 बजे
9. इंग्लैंड vs न्यूजीलैंड, 27 फरवरी, कोलंबो, शाम 7 बजे
10. श्रीलंका vs टीम 8, 28 फरवरी, पल्लेकेले, शाम 7 बजे
11. साउथ अफ्रीका vs जिम्बाब्वे, 1 मार्च, दिल्ली, दोपहर 3 बजे
12. भारत vs वेस्टइंडीज, 1 मार्च, कोलकाता, शाम 7 बजे
(नोट: टीम-8 का फैसला 18 फरवरी को होगा)

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम 
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.