Asian Games 2026
Asian Games 2026
जापान के आइची-नगोया में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय शूटर्स का शानदार प्रदर्शन जारी है. खेलों के दूसरे दिन भारतीय निशानेबाजों ने शूटिंग में तीन और मेडल अपने नाम किए. इसके साथ ही शूटिंग में भारत के मेडलों की संख्या पांच तक पहुंच गई है. भारतीय शूटिंग टीम ने एशियन गेम्स में रजत पदक के साथ अपना खाता खोला था और अब निशानेबाज लगातार देश की मेडल टैली बढ़ा रहे हैं.
महिला टीम ने जीता सिल्वर मेडल
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल मिला. इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा के विनोद की तिकड़ी ने कुल 1898.0 अंक हासिल किए और रजत पदक पर कब्जा किया. इस प्रदर्शन के साथ भारतीय शूटिंग टीम ने एशियन गेम्स में शानदार शुरुआत की. कोल्हापुर की रहने वाली सोनम मस्कर ने भी टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन किया. सिल्वर मेडल जीतने के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है.
इलावेनिल ने एक ही दिन जीते दो सिल्वर
इलावेनिल वलारिवन के लिए यह एशियन गेम्स खास रहा. उन्होंने महिला 10 मीटर एयर राइफल के टीम इवेंट में सिल्वर जीतने के बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक अपने नाम किया. फाइनल में इलावेनिल गोल्ड जीतने के बेहद करीब पहुंची थीं, लेकिन आखिरी पलों में वह मामूली अंतर से चूक गईं और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा. उन्होंने 252.4 अंक बनाए, जबकि जापान की ताइची हिनाता ने 253.0 अंक के साथ गोल्ड जीता. इलावेनिल की इस सफलता के बाद उनके घर में भी जश्न का माहौल है. परिवार का कहना है कि उन्होंने अपना पूरा फोकस मेडल जीतने पर रखा था और 12 साल के इंतजार के बाद मिला यह बड़ा मेडल परिवार और भारत के लिए गर्व की बात है. परिवार ने उनकी इस सफलता का श्रेय उनके कोच और मेंटर्स की मेहनत को भी दिया.
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में भी कमाल
भारतीय शूटर्स ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी दो मेडल जीते. हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर मेडल पर कब्जा किया, जबकि रुद्रांश पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. हिमांशु ने 252.4 अंक हासिल किए, जबकि रुद्रांश ने 230.9 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया. टीम इवेंट में भी हिमांशु, रुद्रांश और पार्ट ने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता.
भारत ने दूसरे दिन जीते कुल 6 मेडल
एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने अब तक कुल 6 मेडल जीते हैं, जिनमें से 5 मेडल शूटिंग से आए हैं. आज भारत ने शूटिंग में कुल 3 मेडल अपने नाम किए. पहले दिन भी भारतीय शूटर्स ने दो मेडल दिलाए थे और दूसरे दिन भी मेडल जीतने का सिलसिला जारी रहा.
अब नजर 2028 के ओलंपिक पर
जापान में हो रहे एशियन गेम्स में भारतीय शूटिंग टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद अब टीम का अगला बड़ा लक्ष्य 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक में मेडल जीतना है. एशियन गेम्स की शूटिंग रेंज से भारतीय निशानेबाजों ने जिस तरह अपना दम दिखाया है, उससे उनकी तैयारी और मेडल की भूख साफ नजर आ रही है.
ये भी पढ़ें