भारत-श्रीलंका के बीच कांटे की टक्कर. (PHOTO: PTI)
भारत-श्रीलंका के बीच कांटे की टक्कर. (PHOTO: PTI)
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज गोल्ड मेडल के लिए श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी. भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया है, जबकि श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है. जापान के निशिन में होने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा. भारत के खाते में अब तक छह पदक हैं, जिनमें चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज शामिल हैं. ऐसे में महिला क्रिकेट टीम की नजर अब भारत को टूर्नामेंट का पहला गोल्ड दिलाने पर होगी.
गोल्ड के लिए भारत और श्रीलंका आमने-सामने
फाइनल मुकाबला सिर्फ एक और क्रिकेट मैच नहीं है, बल्कि दोनों टीमों के लिए गोल्ड मेडल की लड़ाई है. भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 114 रन की बड़ी जीत दर्ज कर जिस अंदाज में फाइनल में एंट्री की है, उससे टीम का आत्मविश्वास मजबूत नजर आता है. दूसरी ओर श्रीलंका भी पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले तक पहुंची है. ऐसे में क्रिकेट फैंस के नजर में इस मैच में शुरुआत काफी अहम रहने वाली है.
शेफाली और चमारी पर रहेंगी खास नजरें
भारत के लिए शेफाली वर्मा और श्रीलंका के लिए चमारी अटापट्टू फाइनल में एक दूसरे की टीम को बड़ी टक्कर देती दिखाई देंगी. दोनों ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करने के लिए जानी जाती हैं और अपने बल्ले से सबसे तेज रन बटोरने में माहिर हैं. हालांकि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में शुरुआती ओवरों में रन बनाना तो जरूरी होगा ही, साथ ही भारत को अपना विकेट संभाल कर रखना भी महत्वपूर्ण होगा. जो टीम पावरप्ले में बेहतर शुरुआत हासिल करेगी, वह ही टीम आगे मैच में दबाव बनाते नजर आएगी. ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन मैच की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. अगर शुरुआती ओवरों में दोनों में से कोई बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहती हैं, तो उसकी टीम को एक मजबूत शुरूआत मिलेगी. अगर ऐसा करने में भारतीय टीम सफल रही तो बड़ा स्कोर खड़ा करने और श्रीलंका पर दबाव बनाए रखने में आसानी होगी. उसके बाद भारत की पूरी स्ट्रेटेजी श्रीलंका के विकेट चटकाने पर होगी.
हालांकि अगर पहले बल्लेबाजी श्रीलंका की टीम भी करती है, तो भी पावरप्ले में भारत की स्ट्रैटेजी काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है. अगर शुरुआती ओवरों में भारत विकेट लेने या रन रोकने में सफल रही तो श्रीलंका का मनोबल तोड़ना काफी आसान हो जाएगा. फिर टीम का पूरा फोकस विकेट बचाते हुए रन बटोरने पर होगा. फिर भी ये मुकाबला भारत के लिए आसान नहीं होने वाला है. श्रीलंका की टीम ने पहले से खुद को बहुत मजबूत किया है. काफी अहम रहने वाली है. मैच की दिशा तय करने में उनकी बल्लेबाजी काफी अहम रहने बाली है.
अब क्रिकेट से गोल्ड की उम्मीद
आज का फाइनल भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए दबाव और मौके दोनों का मुकाबला होगा. भारत की बल्लेबाजी में आक्रामक शुरुआत और बड़े मुकाबले में संयम, दोनों की जरूरत होगी. वहीं श्रीलंका की ओर से भी शुरुआत में तेजी से रन बनाने की कोशिश होगी. यानी निशिन में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ गोल्ड मेडल तय नहीं करेगा, बल्कि दोनों टीमों की बड़े मंच पर दबाव संभालने की क्षमता की भी परीक्षा होगा. भारत के छह पदकों में अब तक गोल्ड नहीं है, ऐसे में महिला क्रिकेट टीम की नजर आज इस कमी को पूरा करने पर होगी.
भारत के खाते में अब तक 6 मेडल
एशियन गेम्स में भारत ने अब तक छह पदक जीते हैं. इनमें चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं. शूटिंग में भारत का प्रदर्शन खास रहा है. पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है. इसी प्रतियोगिता की पुरुष टीम स्पर्धा में भी भारत ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता. इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में पदक जीतने वाली भारत की पहली एथलीट बनीं.
भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल हासिल किया. इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा के विनोद की तिकड़ी ने कुल 1898.0 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक जीता. इस प्रदर्शन के साथ भारतीय शूटिंग टीम ने एशियन गेम्स में शानदार शुरुआत की. इलावेनिल वलारिवन के लिए यह एशियन गेम्स खास रहा है. उन्होंने पहले महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर जीता और इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें