David Miller And Stubbs
David Miller And Stubbs
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया मुकाबला आखिरी गेंद तक रोमांच से भरा रहा. मैच का नतीजा किसी फिल्मी क्लाइमैक्स जैसा रहा, जहां हर गेंद के साथ हालात बदलते दिखे. दिल्ली को जीत के लिए आखिरी ओवर में 15 रनों की जरूरत थी और क्रीज पर खड़े थे अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर. उनके खिलाफ आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी रोमारियो शेफर्ड को सौंपी.
ओवर की शुरआत से बना प्रेशर
ओवर की पहली गेंद ही लेग स्टंप के बाहर रही, जिसे मिलर खेल नहीं पाए और टीम को केवल एक लेग बाय मिला. दूसरी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन शानदार फील्डिंग के चलते सिर्फ एक रन ही मिल सका. अब दिल्ली को 4 गेंदों में 13 रन चाहिए थे और मुकाबला पूरी तरह खुल आरसीबी के पाले में दिख रहा था.
2 बॉल बाद और दिल्ली पहुंची जीत के करीब
तीसरी गेंद पर शेफर्ड ने दबाव में फुल-टॉस डाल दी, जिसका मिलर ने पूरा फायदा उठाया. उन्होंने डीप मिड-विकेट के ऊपर से लंबा छक्का जड़कर मैच का रुख बदल दिया. इस शॉट ने न सिर्फ स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया, बल्कि आरसीबी के खेमे में भी हलचल मचा दी.
अगली ही गेंद पर शेफर्ड ने लाइन बदलने की कोशिश की और ऑफ स्टंप के बाहर गेंद फेंकी, लेकिन मिलर की क्लासिक बल्लेबाजी के सामने यह रणनीति भी नाकाम रही. उन्होंने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार छक्का लगाकर दिल्ली को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया.
आखिरी वार और जीत का जश्न तैयार
अब ऊंट किस करवट बैठता कहना मुश्किल था, क्योंकि 2 गेंदों में सिर्फ 1 रन चाहिए था. लेकिन दबाव में शेफर्ड ने फिर गलती कर दी और पैड्स पर फुल-टॉस डाल बैठे. मिलर ने इसे आसानी से फ्लिक करते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया और चौके के साथ मैच खत्म कर दिया.
यादगार जीत से टूटा आरसीबी का सपना
डेविड मिलर की 17 गेंदों में 26 रनों की विस्फोटक पारी ने दिल्ली कैपिटल्स को शानदार जीत दिलाई. इस जीत ने जहां दिल्ली के खेमे में खुशी की लहर दौड़ा दी, वहीं चिन्नास्वामी में मौजूद हजारों आरसीबी फैंस का दिल टूट गया. यह मुकाबला लंबे समय तक याद रखा जाएगा, खासकर मिलर की उस पारी के लिए जिसने आखिरी ओवर में खेल का पूरा नक्शा बदल दिया.