Indian Team and England Team (File Photo: PTI)
Indian Team and England Team (File Photo: PTI)
IND vs ENG 1st T20I: भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज 1 जुलाई 2026 से खेलेगी. पहला मुकाबला बुधवार की रात 10:00 बजे से चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा. आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में 0-2 से मिली हार को टीम इंडिया भुलाकर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतना चाहेगी. आइए मैच शुरू होने से पहले जानते हैं इंग्लैंड के खिलाफ भारत का कैसा रिकॉर्ड है और इस सीरीज में कौन-कौन से रिकॉर्ड खिलाड़ियों के निशाने पर हैं?
टीम इंडिया का पलड़ा भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 मैच का रिकॉर्ड देखें तो भारत का पलड़ा भारी है. आपको मालूम हो कि भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक टी-20 इंटरनेशनल में कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं. इसमें भारत ने 18 मैचों में जीत हासिल की है. उधर, इंग्लैंड की टीम 12 मैच जीत सकी है. इंग्लैंड की धरती पर टीम इंडिया ने 4 मैचों में जीत दर्ज की है. उधर, भारत के खिलाफ इंग्लैंड ने अपने घर में टी-20 में 5 मैच जीते हैं.
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में हरा चुका है भारत
आपको मालूम हो कि भारत और इंग्लैंड की टीम आखिरी बार टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भिड़ी थीं. टीम इंडिया ने इस मैच में 5 रनों से जीत दर्ज की थी. इंग्लैंड की धरती पर टीम इंडिया ने लगातार दो टी-20 सीरीज में जीत दर्ज की है. भारतीय टीम ने साल 2018 में 3 मैचों की टी-20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था. फिर साल 2022 में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से सीरीज अपने नाम किया था.
किन खिलाड़ियों के पास कौन सा रिकॉर्ड बनाने का मौका
1. श्रेयस अय्यर: भारत-इंग्लैंड टी-20 सीरीज में श्रेयस अय्यर के पास कई रिकॉर्ड बनाने का मौका है. अय्यर टी-20 इंटरनेशनल में 50 छक्के पूरे करने से सिर्फ 6 छक्के दूर हैं. वह 100 चौके पूरे करने से 8 चौके दूर हैं. श्रेयस अय्यर टी-20 में नंबर 4 पर 100 छक्के पूरे करने से 6 छक्के दूर हैं. वह टी-20 में 600 चौके लगाने से 11 चौके दूर हैं. इतना ही श्रेयस अय्यर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 5000 रन पूरे करने से सिर्फ 37 रन दूर हैं.
2. अभिषेक शर्मा: भारत-इंग्लैंड टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में अभिषेक शर्मा के 13 रन बनाते ही उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1500 रन पूरे हो जाएंगे. वह ऐसा करने वाले सबसे कम गेंदों में रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है, जिन्होंने 843 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की है. अभिषेक शर्मा ने अभी तक 48 मैचों में 776 गेंदों में 1487 रन बनाए हैं. अभिषेक शर्मा टी-20 में ओपनर के तौर पर 350 छक्के पूरे करने से सिर्फ 8 छक्के दूर हैं. वह भारत से बाहर खेलते हुए टी-20I में 50 छक्के पूरे करने से 5 छक्के दूर हैं. वह टी-20I में 100 छक्के पूरे करने से 2 छक्के दूर हैं. वह साल 2026 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 500 रन बनाने से 128 रन दूर हैं. अभिषेक शर्मा टी-20 में 1000 रन पूरे करने से सिर्फ 65 रन दूर हैं.
3. संजू सैमसन: भारत-इंग्लैंड टी-20 सीरीज में संजू सैमसन के निशाने पर भी कई रिकॉर्ड हैं. वह साल 2026 में टी-20I में 500 रन पूरे करने से 128 रन दूर हैं. वह टी-20I में बतौर ओपनर के तौर पर 1000 रन बनाने से 69 रन दूर हैं. वह टी-20I में 1500 रन पूरे करने से 96 रन दूर हैं. संजू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2000 रन पूरे करने से 86 रन दूर हैं. वह टी-20 में विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर 6500 रन पूरे करने से 13 रन दूर हैं. संजू सैमसन टी-20 मुकाबले में 9000 रन पूरे करने से 118 रन दूर हैं. वह भारत से बाहर खेलते हुए टी-20 में 50 छक्के पूरे करने से 9 छक्के दूर हैं.
4. ईशान किशन: टी-20 में नंबर 3 पर 100 छक्के पूरे करने से ईशान किशन 11 छक्के दूर हैं. वह टी-20 में 350 छक्के बनाने से 12 छक्के दूर हैं. वह टी-20 में 700 चौके लगाने से सिर्फ 14 चौके दूर हैं. ईशान किशन टी-20 में 7000 रन पूरे करने से 66 रन दूर हैं.
भारत-इंग्लैंड टी-20 सीरीज के लिए दोनों देशों की टीमें
भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई.
इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट (विकेटकीपर), जोश टोंग, ल्यूक वुड.
भारत के खिलाफ पहले टी-20 मैच के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11
हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल रशीद, ल्यूक वुड.
इंडिया vs इंग्लैंड टी-20 सीरीज का शेड्यूल
1 जुलाई 2026: पहला टी-20 मैच, रात 10:00 बजे से
4 जुलाई 2026: दूसरा टी-20 मैच, रात 7:00 बजे से
7 जुलाई 2026: तीसरा टी-20 मैच, रात 10:00 बजे से
9 जुलाई 2026: चौथा टी-20 मैच, रात 10:00 बजे से
11 जुलाई 2026: पांचवां टी-20 मैच, रात 7:00 बजे से