scorecardresearch

IND vs NZ ODI Series: टी-20 पर कब्जा, अब वनडे की बारी! 4 नवंबर से सीरीज का आगाज, टीम इंडिया का न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा है जीत का रिकॉर्ड? रोहित-विराट से लेकर गिल तक करेंगे रनों की बारिश

IND vs NZ ODI Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर 2026 से खेली जाएगी. भारत 5 मैचों की टी-20 सीरीज को न्यूजीलैंड से 3-2 से जीत चुका है. अब वनडे सीरीज पर कब्जा करने की बारी है. वनडे सीरीज में धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी मैदान पर वापसी करेंगे. आइए जानते हैं टीम इंडिया का वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा जीत का रिकॉर्ड है? 

Advertisement
Team India players are ready to play a match against New Zealand Team India players are ready to play a match against New Zealand

India vs New Zealand ODI Series: भारतीय टीम 5 मैचों की टी-20 सीरीज न्यूजीलैंड से 3-2 से जीत चुकी है. अब वनडे सीरीज जीतने की बारी है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक खेली जाएगी. इस वनडे सीरीज का पहला मैच बुधवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा. वनडे सीरीज में धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा  (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) भी मैदान पर वापसी करेंगे. इस समय ये दोनों ही महान बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं. 

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित और कोहली का बल्ला जमकर बोला था. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में इन दोनों बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद है. आपको मालूम हो कि भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के टीम इंडिया के दो कप्तान बनाए गए हैं. पहले तीन वनडे मैचों के लिए शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है, वहीं आखिरी के दो वनडे मुकाबले के लिए श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को कप्तान बनाया गया है. आपको मालूम हो कि भारतीय टीम को न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज भी खेलनी है. टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए शुभमन गिल (Shubman Gill) को अंतिम दो वनडे मुकाबले से विराम दिया गया है. आइए जानते हैं टीम इंडिया का वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा जीत का रिकॉर्ड है? 

हेड-टू-हेड आंकड़े
भारत और न्यूजीलैंड टीमों के बीच हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक वनडे फॉर्मेट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 123 मैच खेले जा चुके हैं. इनमें से 63 मैचों में भारतीय टीम को जीत मिली है. 52 मैचों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है. दोनों टीमों के बीच 7 मैच बेनतीजा रहे हैं. इन आंकड़ों के मुताबिक भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड से भारी है.

टीम इंडिया का घरेलू सरजमीं पर ऐसा है रिकॉर्ड
भारतीय टीम का अपने घरेलू सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत का शानदार रिकॉर्ड है. आपको मालूम हो कि भारत ने अपने घर में न्यूजीलैंड से कुल 44 वनडे मुकाबले खेले हैं. इसमें भारतीय टीम को 32 मैचों में जीत मिली है. उधर, न्यूजीलैंड सिर्फ 10 मैच जीत सका है. दोनों टीमों के बीच दो मुकाबला रद्द हुआ है. भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने सबसे अधिक स्कोर साल 1999 में 9 विकेट पर 349 रन बनाया था. यह मैच राजकोट में खेला गया था. भारत में न्यूजीलैंड का वनडे में सबसे कम स्कोर 79 रन है. साल 2016 में विशाखापट्टनम में यह मैच खेला गया था.

ऑकलैंड के ईडन पार्क में टीम इंडिया का रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा. आपको मालूम हो कि इस मैदान पर भारत का जीत का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं है. टीम इंडिया ने इस मैदान पर अभी तक 11 वनडे मैचों खेले हैं. इसमें से सिर्फ 4 मैचों में भारत को जीत मिली है जबकि 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. इस मैदान पर एक मैच टाई रहा है. ईडन पार्क मैदान पर आखिरी बार भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मैच नवंबर 2022 में खेला गया था. इस मैच में भारत को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.

भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल

  • पहला वनडे: 4 नवंबर 2026, ऑकलैंड
  • दूसरा वनडे: 7 नवंबर 2026, वेलिंग्टन
  • तीसरा वनडे: 10 नवंबर 2026, हैमिल्टन
  • चौथा वनडे: 13 नवंबर 2026, माउंट माउंगानुई
  • पांचवां वनडे: 15 नवंबर 2026, माउंट माउंगानुई
  • नोट: सभी मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे.

पहले तीन वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया का वनडे स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी (केवल पहले वनडे के लिए), आकिब नबी.

चौथे और पांचवें वनडे मैचों के लिए भारत की वनडे टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप-कप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव.

पहले तीन मैच के लिए न्यूजीलैंड की वनडे टीम
मिशेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोलस, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ​​ब्लेयर टिकनर.

आखिरी दो मैच के लिए न्यूजीलैंड का वनडे स्क्वाड
मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे, निक केली, टिम सीफर्ट, ब्लेयर टिकनर, विल यंग.