Vaibhav Sooryavanshi, Sanju Samson, and Ishan Kishan
Vaibhav Sooryavanshi, Sanju Samson, and Ishan Kishan
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है. सीरीज का चौथा मुकाबला आज ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगा. पिछले मैच में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की आतिशी बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी. पिछले 2 मैचों में ईशान किशन की जगह वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली थी. अब अगर ईशान किशन फिट होते हैं तो सवाल उठता है कि सूर्यवंशी और संजू में से कौन बाहर बैठेगा? एक चर्चा ये भी चल रही है कि संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन तीनों प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हो सकते हैं. चलिए इस समीकरण को समझते हैं.
ईशान किशन की होगी वापसी?
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले में चोटिल होने के बाद ईशान किशन पिछले 2 मैचों में प्लेइंग इलेवन से बाहर हैं. लेकिन चौथे टी20 मैच में उनके खेलने की संभावना है. हालांकि उनकी फिटनेस को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं है. लेकिन अगर ईशान फिट होते हैं और चौथे मैच में प्लेइंग इलेवन के लिए तैयार होते हैं तो सवाल उठता है कि किसकी जगह टीम में उनकी एंट्री होगी.
वैभव पर गाज गिरने की चर्चा-
माना जा रहा है कि अगर ईशान किशन फिट होते हैं और चौथे टी20 मैच में मैदान पर उतरते हैं तो वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ सकता है. टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी रहे रविचंद्रन अश्विन का भी मानना है कि अगर ईशान किशन चौथे मैच में फिट होकर लौटते हैं तो सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर जाना पड़ेगा. हालांकि कुछ का मानना है कि संजू सैमसन को भी बाहर किया जा सकता है.
संजू, सूर्यवंशी और ईशान तीनों के खेलने की चर्चा-
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन का चयन टीम मैनेजमेंट को करना है. लेकिन प्लेइंग इलेवन को लेकर सोशल मीडिया से लेकर फैंस के बीच भी इसकी चर्चा हो रही है. कई लोगों का मानना है कि अगर ईशान किशन की वापसी होती है तो उनको टीम में जगह मिलनी चाहिए. इसके साथ ही संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी को भी प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए. लेकिन तीनों खिलाड़ियों को एक साथ कैसे जगह मिलेगी?
कैसे मिल सकती है तीनों प्लेयर को जगह?
चर्चा है कि मैनेजमेंट इस बार संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन तीनों को प्लेइंग इलेवन में मौका दे सकता है. ऐसी सूरत में नमन धीर या नीतीश रेड्डी में से किसी एक को बाहर बैठना होगा. चर्चा है कि अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग कर सकते हैं. इसके बाद तीसरे नंबर पर संजू सैमसन को मौका मिल सकता है. इसके बाद चौथे नंबर पर ईशान किशन और 5वें नंबर पर कप्तान श्रेयस अय्यर को उतारना चाहिए. छठे नंबर पर तिलक वर्मा की जगह बनती है. इसके बाद 7वें नंबर पर नीतीश रेड्डी या नमन धीर में से किसी एक को मौका मिल सकता है. इसके साथ ही टीम इंडिया 4 गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतर सकती है. उसमें अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव हो सकते हैं. हालांकि अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट को ही करना है.
ये भी पढ़ें: