IND vs WI 3rd T20I
IND vs WI 3rd T20I
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है. दोनों टीमें इस सीरीज में फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं. 11 अक्टूबर 2026 को तीसरा मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय टीम यहां पर वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज में बढ़त लेना चाहेगी. हम आपको बता रहे हैं कि होलकर स्टेडियम में टीम इंडिया का टी-20 रिकॉर्ड कैसा है?
भारत का पलड़ा भारी
भारतीय टीम इंदौर के होलकर स्टेडियम में पहली बार वेस्टइंडीज से टी-20 इंटनरनेशनल मैच खेलेगी. आपको मालूम हो कि होलकर स्टेडियम में अभी तक टीम इंडिया ने कुल 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. इसमें से 3 मैचों में भारत ने जीत दर्ज की है. एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है. भारत ने होलकर स्टेडियम में दो बार श्रीलंका को और एक बार अफगानिस्तान को हराया है.साल 2022 में भारतीय टीम इस मैदान पर एकमात्र टी-20 मैच दक्षिण अफ्रीका से हारी थी. भारत ने पहली बार होलकर स्टेडियम T20I मैच 22 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के विरुद्ध खेला था. इस मैच में रोहित शर्मा ने 43 गेंदों में 118 रन बनाए थे. भारत ने पांच विकेट के नुकसान पर 260 रन बनाए थे. भारत ने इस मुकाबले में श्रीलंका को 88 रनों से रौंद दिया था. इसके बाद इस मैदान पर भारतीय टीम दूसरी बार टी-20 फॉर्मेट में श्रीलंका से ही भिड़ी थी. 7 जनवरी 2020 को खेले गए मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए थे.
भारत ने इस मैच को 15 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से जीत लिया था. इस मैच में भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे अधिक 45 रन बनाए थे. शार्दुल ठाकुर ने 3 विकेट लिए थे.टीम इंडिया होलकर स्टेडियम में तीसरी बार टी-20 इंटरनेशनल मैच 4 अक्टूबर 2022 को साउथ अफ्रीका से खेली थी. दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में राइली रोसू की नाबाद सेंचुरी की बदौलत 3 विकेट पर 227 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारत की पारी 18.3 ओवर में 178 रन पर सिमट गई. इस तरह से इस मैच को साउथ अफ्रीका ने 49 रनों से जीत लिया. भारत ने इस मैदान पर चौथी बार T20I मैच 14 जनवरी 2024 को अफगानिस्तान के विरुद्ध खेला था. इस मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी. भारत ने 173 रनों का लक्ष्य को 26 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था. इस मैच में यशस्वी जायसवाल ने 34 गेंदों में 68 रन बनाए थे. शिवम दुबे ने 32 गेंदों में नाबाद 63 रन बनाए थे. आपको मालूम हो कि इस मैदान पर चार में से दो बार पहले बल्लेबाजी और दो बार पहले गेंदबाजी करने वाली टीमें जीती हैं. अब बात करें भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पिछले पांच मैचों की तो इसमें भारत का पलड़ा भारी है. भारतीय टीम ने पांच मैचों में से तीन में जीत दर्ज की है. दो में कैरेबियाई टीम को जीत मिली है. आपको मालूम हो कि इन सभी मैचों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है.
होल्कर स्टेडियम में हाईएस्ट स्कोर
आपको मालूम हो कि होलकर स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार रहता है. यहां टी-20 इंटरनेशनल मैच में हाईएस्ट स्कोर 260 रन है. इसे भारत ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था. इस मैदान पर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर 227 रनों का है, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम के खिलाफ बनाया था. आपको मालूम हो कि इस मैदान पर सबसे बड़ा रन चेज 173 का है, जो भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 2024 में हासिल किया था.
मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के मुताबिक इंदौर में रविवार को हल्की गर्मी रहेगी और मौसम साफ रहेगा. शाम को ओस का कोई अधिक प्रभाव नहीं होगा. ऐसे में कितना स्कोर सुरक्षित होगा कहा नहीं जा सकता. तीसरे मैच के लिए दोनों टीमें शनिवार दोपहर इंदौर पहुंच गई हैं. हालांकि दोनों टीमों ने अभ्यास नहीं किया और होटल में ही आराम किया.
कहां देख सकते हैं टी-20 का लाइव प्रसारण
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी-20 मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे से खेला जाएगा. टॉस शाम को 6:30 बजे होगा. इस मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनल पर होगा. जियो हॉटस्टार एप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग होगी.
भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रिंस यादव, मयंक यादव, नमन धीर, अर्शदीप सिंह,
वेस्टइंडीज की टीम
शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू (विकेटकीपर), आमिर जांगू (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरन हेटमायर, अकील हुसैन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, शमर स्प्रिंगर, रोमारियो शेफर्ड.