IPL 2026
IPL 2026
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की. 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने महज 85 रन पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे और हार लगभग तय लग रही थी. ऐसे मुश्किल समय में रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया.
दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 37 गेंदों में 76 रन की नाबाद साझेदारी हुई, जिसने टीम को 19.4 ओवर में 161 रन तक पहुंचा दिया. रिंकू सिंह ने 34 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे. वहीं अनुकूल रॉय ने 16 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेली. आखिरी ओवरों में दोनों बल्लेबाजों ने बेहतरीन संयम और आक्रामकता का संतुलन दिखाया.
आखिरी ओवरों में बदला मैच का रुख
मैच के आखिरी पांच ओवरों में केकेआर को 59 रन चाहिए थे. रिंकू और अनुकूल ने लगातार बड़े शॉट्स लगाकर दबाव को कम किया. खासतौर पर 18वें और 19वें ओवर में दोनों ने तेजी से रन बटोरे. आखिर के दो ओवर में जब 21 रन की जरूरत थी, तब अनुकूल ने छक्का जड़कर मैच को केकेआर के पाले में झुका दिया और रिंकू ने शानदार फिनिश करते हुए जीत पक्की कर दी.
राजस्थान की मजबूत शुरुआत रही बेकार
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 155 रन बनाए. टीम को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पावरप्ले में 63 रन जोड़े. सूर्यवंशी ने 46 और जायसवाल ने 39 रन की उपयोगी पारियां खेलीं. लेकिन टीम मिडिल ऑर्डर में लगातार विकेट खोती रही. वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की गेंदबाजी के सामने बल्लेबाज टिक नहीं सके. चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि नारायण को दो सफलताएं मिलीं.
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई.
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती.