scorecardresearch

IPL 2026 PBSK vs LSG: लखनऊ पर रखा पंजाब ने अपना पंजा, प्वाइंट्स टेबल में बनाई पहली जगह.. 54 रन से चटाई धूल

रविवार 19 अप्रैल को पंजाब और लखनऊ के बीच खेले गए मुकाबले में पंजाब ने जीत हासिल की. जिसके बाद पंजाब प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गई है.

PBSK Defeats LSG in IPL 2026 PBSK Defeats LSG in IPL 2026

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जीत की लय बरकरार रखी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हराकर एक और दमदार जीत दर्ज की. मुल्लांपुर के मैदान पर पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया, जो लखनऊ के लिए पहाड़ जैसा साबित हुआ. 

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन ही बना सकी और मुकाबला हाथ से निकल गया. यह लखनऊ की लगातार तीसरी हार रही. छह मैचों में सिर्फ 4 अंक के साथ लखनऊ आठवें स्थान पर है. वहीं, पंजाब किंग्स का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है. टीम ने छह मैचों में 11 अंक जुटाकर टेबल में टॉप पॉजिशन हासिल कर ली है.  

कैसी थी पंजाब की बल्लेबाजी?
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. मोहम्मद शमी ने पहले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब को शुरुआती झटका दे दिया. हालांकि इसके बाद प्रियांश आर्य और कूपर कॉनली ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.

दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी देखने को मिली. इस खतरनाक जोड़ी को आखिरकार प्रिंस यादव ने तोड़ा, जब उन्होंने कॉनली को पवेलियन भेजा. कॉनली ने 46 गेंदों में 87 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 7 छक्के शामिल रहे. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 80 गेंदों में 182 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

कॉनली के आउट होने के तुरंत बाद अगले ही ओवर में प्रियांश आर्य भी पवेलियन लौट गए, लेकिन उससे पहले वह अपनी छाप छोड़ चुके थे. प्रियांश ने 37 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे. अंत में नेहाल वढेरा ने 13 रन और शशांक सिंह ने 17 रन का योगदान दिया, जिसकी बदौलत पंजाब किंग्स ने 7 विकेट के नुकसान पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.

पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.

लखनऊ सुपर जायंट्स (प्लेइंग इलेवन): एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, प्रिंस यादव, मणिमारन सिद्धार्थ, मोहसिन खान.