GT vs RR IPL Qualifier 2 Match
GT vs RR IPL Qualifier 2 Match
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का क्वालिफायर-2 मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच 29 मई दिन शुक्रवार को खेला जाएगा. यह मैच मुल्लांपुर के महाराजा यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. टॉस मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे होगा.
आप इस मैच को स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे. इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी. गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है क्योंकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी जबकि विजेता टीम 31 मई को होने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी. ऐसे में यह मैच दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो की तरह है. इस मैच में किसी भी तरह की गलती की कोई गुंजाइश नहीं है. आईपीएल के इतिहास में राजस्थान और गुजरात के बीच खेले गए अभी तक के मुकाबले देखें तो आंकड़े गुजरात के पक्ष में दिख रहे हैं. ऐसे में GT का पलड़ा भारी लग रहा है लेकिन गुजरात के सामने सबसे बड़ी चुनौती वैभव सूर्यवंशी है. वैभव का बल्ला चला तो राजस्थान की जीत पक्की है. उधर, गुजरात के टॉप ऑर्डर पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी.
गुजरात और राजस्थान में किसका पलड़ा भारी
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल में अब तक कुल 10 मैच खेले गए हैं. इनमें से 7 मैचों में गुजरात को जीत मिली है. राजस्थान टीम सिर्फ तीन मैच ही जीत सकी है. ऐसे में पलड़ा गुजरात का भारी लग रहा है. शुक्रवार को मैच में जहां गुजरात टाइटंस अपने रिकॉर्ड को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी तो वहीं राजस्थान टीम किसी भी हाल में जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचना चाहेगी.
क्वालीफायर-2 में क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम का रहा है दबदबा
आपको मालूम हो कि आईपीएल 2026 में गुजरात को क्वालिफायर-1 में आरसीबी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि राजस्थान ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद पर जीत दर्ज की थी. आईपीएल के प्लेऑफ इतिहास को देखें तो क्वालीफायर-2 में क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम का जीत प्रतिशत अधिक रहा है. आईपीएल 2011 में प्लेऑफ नियम आने के बाद से खेले गए 15 क्वालीफायर-2 मुकाबलों में से 12 बार उस टीम ने जीत दर्ज की है जो क्वालीफायर-1 हारकर आई थी. एलिमिनेटर की विजेता टीम सिर्फ तीन बार (आईपीएल 2012 में सीएसके, आईपीएल 2016 में हैदराबाद और आईपीएल 2021 में केकेआर) ही जीत पाई है. ऐसे में आंकड़े बता रहे हैं कि क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम के पास फाइनल में पहुंचने का चांस ज्यादा है.
क्या राजस्थान टीम दोहराएगी इतिहास
मुल्लांपुर का मैदान पर आईपीएल 2026 में राजस्थान और गुजरात दोनों टीमों का बिल्कुल अलग अनुभव रहा है. गुजरात टाइटंस के लिए यह मैदान अब तक अनलकी रहा है, जहां उन्हें ग्रुप राउंड के मैच के साथ-साथ मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था. उधर, राजस्थान रॉयल्स ने इस मैदान पर एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर शानदार जीत दर्ज की थी. ऐसे में राजस्थान के हौसले बुलंद हैं.
आपको मालूम हो कि आईपीएल के प्लेऑफ मैचों में गुजरात टाइटंस का पलड़ा राजस्थान रॉयल्स पर हमेशा भारी रहा है. साल 2022 में गुजरात ने राजस्थान को प्लेऑफ में हराया था. बाद में फाइनल मैच में भी राजस्थान को ही हराकर आईपीएल ट्रॉफी जीती थी. गुजरात के लिए एक और बड़ी बात यह है कि क्वालीफायर-2 मैच में सबसे ज्यादा 129 रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनके कप्तान शुभमन गिल के नाम है. आपको मालूम हो कि आईपीएल के इतिहास में अभी तक सिर्फ एक ही बार ऐसा हुआ है जब एलिमिनेटर खेलने वाली टीम चैंपियन बनी हो. साल 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद ने यह रिकॉर्ड बनाया था. इस बार राजस्थान रॉयल्स भी इसी इतिहास को दोहराने की कोशिश में है.
गुजरात के लिए बड़ी चुनौती वैभव सूर्यवंशी
राजस्थान रॉयल्स के धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल 2026 में बल्ला आग उगल रहा है. वैभव ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाए थे. इससे पहले वाले मैचों में भी वैभव ने शानदार बल्लेबाजी की है. ऐसे में वैभव सूर्यवंशी गुजरात के लिए बड़ी चुनौती हैं. वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी ने गुजरात की चिंताएं बढ़ा दी है. वैभव सूर्यवंशी हर गेंदबाज की जमकर धुनाई कर रहे हैं. बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर वैभव खुलकर शॉट खेलते हैं. गुजरात के बल्लेबाजों को राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से भी बचकर रहना होगा. यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल भी बैटिंग में कमाल दिखा सकते हैं.
शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर पर रहेगी बड़ी जिम्मेदारी
राजस्थान के खिलाफ मैच में गुजरात के टॉप ऑर्डर पर बड़ी जिम्मेदारी होगी. गुजरात टाइटंस की बल्लेबाज शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर को इस मैच में बड़ी पारी खेलनी होगी तभी गुजरात को जीत मिलेगी. यदि ये तीनों बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते हैं तो टीम के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करना मुश्किल हो जाएगा. आपको मालूम हो कि साई सुदर्शन ने पूरे सीजन में निरंतर प्रदर्शन किया है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवान फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा.
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिद्धू, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.