scorecardresearch

IPL 2026, GT vs SRH Highlights: हैदराबाद के हक में न रहा पावरप्ले, न ही चले बल्लेबाज.. 82 रन के अंतर से किया हार का सामना

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने हुईंं. इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने 82 रनों से शानदार जीत हासिल की.

IPL 2026 GT Defeats SRH IPL 2026 GT Defeats SRH

IPL 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रनों से करारी शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की. मंगलवार (12 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए थे, जिसके जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम सिर्फ 86 रनों पर ढेर हो गई. इस बड़ी जीत के साथ गुजरात टाइटन्स प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है.

मौजूदा सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन काफी दमदार रहा है. गुजरात टाइटन्स ने अब तक खेले गए 12 मैचों में 8 जीत हासिल कर 16 अंक जुटा लिए हैं. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 मुकाबलों में 7 जीत दर्ज की है और उसके खाते में 14 अंक हैं. हैदराबाद फिलहाल पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर मौजूद है.

हैदराबाद ने पावरप्ले में खो 4 विकेट
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने पावरप्ले के अंदर ही चार अहम विकेट गंवा दिए. मोहम्मद सिराज ने ट्रेविस हेड को खाता खोले बिना पवेलियन भेजकर गुजरात को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद कगिसो रबाडा ने अपनी घातक गेंदबाजी से हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. रबाडा ने अभिषेक शर्मा (6 रन), ईशान किशन (11 रन) और स्मरण रविचंद्रन (9 रन) को आउट किया. उस समय टीम का स्कोर महज 32 रन पर 4 विकेट था.

नहीं टिक पाए हैदराबाद के बल्लेबाज
सलिल अरोड़ा ने कुछ आकर्षक शॉट्स लगाकर पारी संभालने की कोशिश जरूर की, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें 16 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया. इसके बाद जेसन होल्डर ने मैच को पूरी तरह गुजरात के पक्ष में मोड़ दिया. होल्डर ने एक ही ओवर में हेनरिक क्लासेन (14 रन) और नीतीश कुमार रेड्डी (2 रन) को आउट कर हैदराबाद की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उस समय टीम का स्कोर 60 रन पर 7 विकेट हो चुका था.

आखिरी विकेट्स के रूप में शिवांग कुमार (4 रन), पैट कमिंस (19 रन) और प्रफुल्ल हिंगे (3 रन) आउट हुए. गुजरात टाइटन्स की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके. प्रसिद्ध कृष्णा को दो सफलताएं मिलीं, जबकि राशिद खान और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट हासिल किया.

कैसी खेले गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाज
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए. हालांकि टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 5 रन बनाकर प्रफुल्ल हिंगे का शिकार बन गए. हिंगे ने इसके बाद गुजरात को एक और बड़ा झटका देते हुए खतरनाक बल्लेबाज जोस बटलर को भी महज 7 रन पर पवेलियन भेज दिया. शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद साई सुदर्शन और निशांत सिंधु ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 38 रनों की अहम साझेदारी हुई. निशांत सिंधु ने 22 रन बनाए, लेकिन पैट कमिंस ने उनका विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ दिया.

इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े. सुदर्शन ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए 44 गेंदों में 61 रन बनाए. उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. हालांकि तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने उन्हें आउट कर गुजरात को बड़ा झटका दिया. सुदर्शन के आउट होने के बाद वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. सुंदर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल रहा. हालांकि वह आखिरी ओवर में साकिब हुसैन की गेंद पर आउट हो गए.

गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज.
इम्पैक्ट सब: प्रसिद्ध कृष्णा.

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नीतीश कुमार रेड्डी, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे.
इम्पैक्ट सब: ट्रेविस हेड.