Top 5 Batsmen with the Most Runs in IPL
Top 5 Batsmen with the Most Runs in IPL
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल (IPL) का रोमांच एक बार फिर से शुरू होने वाला है. जी हां, आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. पहला मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा.
यह आईपीएल का 19वां सीजन है. आईपीएल का खुमार अभी से क्रिकेट फैंस पर चढ़ने लगा है. वे अभी से इंडियन प्रीमियर लीग में बने रिकॉर्ड्स को जानने के लिए उत्सुक हैं.आज हम आपको आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं. इस लिस्ट में चार खिलाड़ी भारतीय और सिर्फ एक खिलाड़ी विदेशी शामिल है. इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले स्थान पर विराट कोहली हैं.
1. विराट कोहली (Virat Kohli)
अभी तक खेले गए आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाजों में पहले स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी विराट कोहली हैं. विराट कोहली ने आईपीएल 2008 से आईपीएल 2025 के बीच कुल 267 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 39.54 की औसत और 132.85 की स्ट्राइक रेट से 8661 रन बनाए हैं. इस तरह से विराट अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 8 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं. विराट कोहली के नाम आईपीएल में सबसे अधिक 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं. किसी एक आईपीएल सीजन में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी कोहली के नाम है. विराट कोहली ने आईपीएल 2016 में कुल 973 रन बनाए थे. आईपीएल 2026 में बार फिर विराट कोहली आरसीबी के लिए रनों का ढेर लगाते हुए दिखाई देंगे.
2. रोहित शर्मा (Rohit Sharma)
आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं. रोहित शर्मा ने 272 आईपीएल मैचों में कुल 7046 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 132.09 रहा है. आईपीएल में रोहित शर्मा के नाम 2 शतक और 47 अर्धशतक शामिल हैं. रोहित शर्मा साल 2008 से लगातार आईपीएल खेल रहे हैं. आईपीएल में उनका बेस्ट स्कोर नॉट आउट 109 रन है. रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत डेक्कन चार्जर्स के साथ की थी, फिर वह मुंबई इंडियंस से जुड़ गए. रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल का विजेता बनाया है. रोहित शर्मा अब मुंबई इंडियंस के कप्तान तो नहीं हैं लेकिन अहम खिलाड़ी जरूर हैं.
3. शिखर धवन (Shikhar Dhawan)
आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाजों में तीसरे स्थान पर शिखर धवन हैं. धवन ने आईपीएल में 222 मैच खेलकर 6769 रन बनाए हैं. शिखर धवन के नाम आईपीएल में 51 अर्धशतक हैं. शिखर धवन आईपीएल में पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, डेक्कन चार्जर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए मैच खेल चुके हैं. शिखर धवन कई टीमों के लिए कप्तानी भी कर चुके हैं. हालांकि शिखर धवन ने अब आईपीएल से संन्यास ले लिया है.
4. डेविड वार्नर (David Warner)
आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में चौथे नंबर पर डेविड वार्नर हैं. वार्नर ने 184 आईपीएल मैचों में कुल 6565 रन बनाए हैं. डेविड वार्नर आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले विदेशी खिलाड़ियों में पहले स्थान पर हैं. आईपीएल में वॉर्नर का औसत 40.52 है. डेविड वार्नर ने आईपीएल में 4 शतक और 62 अर्धशतक लगाए हैं. वार्नर ने तीन बार आईपीएल 2015, 2017 और आईपीएल 2019 में ऑरेंज कैप जीती है. वार्नर दिल्ली कैपिटल्स के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के लिए मैच खेल चुके हैं. हालांकि अब डेविड वार्नर आईपीएल नहीं खेलते हैं.
5. सुरेश रैना (Suresh Raina)
आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में पांचवें स्थान पर सुरेश रैना हैं. सुरेश रैना ने आईपीएल में साल 2008 से 2021 के बीच कुल 205 मैच खेलकर 5528 रन बनाए हैं. आईपीए में रैना के नाम एक शतक और 39 अर्धशतक है. आईपीएल में सुरेश रैना का स्ट्राइक रेट 136.73 रहा है. सुरेश रैना आईपीएल में 5000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी थे. इसकी वजह से उन्हें मिस्टर IPL का निकनेम मिला. रैना लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की रीढ़ रह चुके हैं. उन्होंने सीएसके को चार आईपीएल खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई है.