scorecardresearch

Eden Gardens Pitch Report: ईडन गार्डेंस में बल्लेबाज करेंगे छक्के-चौकों की बारिश या गेंदबाज लगाएंगे विकेटों का अंबार, जानें पिच का रिपोर्ट कार्ड, भारत इस मैदान पर वेस्टइंडीज से भिड़ने को तैयार 

IND vs WI Super 8s T20 WC Pitch Report: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 वर्ल्ड कप सुपर 8 का आखिरी मुकाबला रविवार शाम को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. मैच शुरू होने से पहले आइए जान लेते हैं कि इस मैदान पर बल्लेबाज छक्के-चौकों की बारिश करेंगे या गेंदबाज विकेटों का अंबार लगाएंगे.

Eden Gardens Pitch Report Eden Gardens Pitch Report

भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप सुपर 8 के अपने आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ने के लिए तैयार है. यह मैच भारत और वेस्टइंडीज दोनों के लिए करो या मरो जैसा है, जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मैच रविवार शाम को 7:00 बजे से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. मैच शुरू होने से पहले आइए जान लेते हैं कि इस मैदान पर बल्लेबाज छक्के-चौकों की बारिश करेंगे या गेंदबाज विकेटों का अंबार लगाएंगे. आखिर कैसी है  ईडन गार्डन्स की पिच? 

ईडन गार्डन्स की पिच का मिजाज
स्थानीय क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने बताया कि ईडन गार्डन्स की पिच पर आमतौर पर रन बनते हैं, लेकिन गेंदबाजों को भी सहायता मिलती है. भारत-वेस्टइंडीज मैच में विकेट सूखी रहने की संभावना है, जिससे स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है. हालांकि इस पिच पर अच्छा उछाल भी मिलता है, जो तेज गेंदबाजों के लिए अच्छा होगा. ईडन गार्डन्स में खेले गए इंग्लैंड के मुकाबलों में तेज गेंदबाजों को मदद मिली थी. जोफ्रा आर्चर ने अच्छा प्रदर्शन किया था. ऐसे में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या भी इस पिच पर कहर बरपा सकते हैं. शाम के समय स्पिनर्स को अतिरिक्त मदद मिलने की उम्मीद है. ईडन की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है, लेकिन शाम के समय स्पिनर्स को भी मदद मिल सकती है.

आपको मालूम हो कि भारत और वेस्टइंडीज का मैच उसी पिच पर खेला जाएगा, जिस पर टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला हुआ था. इसी विकेट पर स्कॉटलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप का पहला 200 से अधिक रन का स्कोर बनाया था. स्कॉटलैंड ने 9 फरवरी 2026 को इटली के खिलाफ 4 विकेट पर 207 रन बनाए थे. ईडन गार्डन्स में एक पाटा विकेट पर टीम इंडिया के पावर-हिटर्स फिर से छक्को और चौकों की बारिश कर सकते हैं. उधर, कैरेबियाई टीम के पास भी खतरनाक पावर-हिटर्स हैं, जो किसी भी सपाट पिच पर मैच का पासा पलट सकते हैं. ऐसे में ईडन गार्डन्स में रविवार को एक हाई स्कोर मैच देखने को मिल सकता है.

पिच और मैदान का किया निरीक्षण 
भारती टीम के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले पिच और मैदान का निरीक्षण किया और तैयारी पर संतोष जताया. उन्होंने क्यूरेटर टीम के साथ लंबी चर्चा कर विकेट की स्थिति का जायजा लिया. भारत इस चरण में ईडन गार्डन्स पर अपना पहला मैच खेलेगा जबकि वेस्टइंडीज को थोड़ा फायदा मिल सकता है क्योंकि उसने यहां पहले ही दो ग्रुप मैच स्कॉटलैंड और इटली के खिलाफ खेले हैं और दोनों में जीत मिली है. मौसम विभाग और विभिन्न रिपोर्ट्स के अनुसार कोलकाता में रविवार को बारिश की संभावना बहुत कम है. संडे को दिन में अधिकतम 34°C और मैच के दौरान 25-26°C के आसपास रहने की उम्मीद है. 

ईडन गार्डन्स में भारत का शानदार रिकॉर्ड
भारत और वेस्टइंडीज के बीच ईडन गार्डन्स में अब तक चार टी-20 मैच खेले गए हैं और सभी में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है. इस मैदान पर एक टी-20 मैच 2018 में और तीन मुकाबले साल 2022 में खेले गए हैं और चारों ही मैचों में भारत को जीत मिली है. ईडन गार्डन्स में भारत ने 4 नवंबर 2018 को टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया था. इसके बाद यहां पर दोनों देशों के बीच 16 फरवरी 2022 को टी-20 मुकाबला खेला गया था, जिसमें भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया था. भारत और वेस्टइंडीज के बीच फिर कोलकाता में 18 फरवरी 2022 को मैच खेला गया था, जिसमें भारत 8 रन से जीत दर्ज की थी.

टीम इंडिया ने फिर 20 फरवरी 2022 को ईडेन गार्डन्स में टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 17 रनों से हराया था. अब भारत और वेस्टइंडीज की टीमें रविवार को चार साल बाद ईडन गार्डन्स में टी-20 में आमने-सामने होंगी. वेस्टइंडीज ने कोलकाता में कुल 7 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें से 3 में उसे जीत मिली है, जबकि 4 मैच में हार मिली है. वनडे क्रिकेट में वेस्टइंडीज आज तक ईडन गार्डन्स में भारत को नहीं हरा पाया है. 1988, 1993 और 1994 में यहां वेस्टइंडीज को भारत के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी. इस मैदान पर दोनों देशों में टेस्ट में मुकाबला बराबरी का रहा है. वेस्टइंडीज का जहां 1958, 1966 और 1983 में दबदबा रहा था तो भारत ने 1974, 2011 और 2013 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. 

दोनों टीमों के स्क्वॉड
भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह.

वेस्टइंडीज टीम
शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), ब्रैंडन किंग, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, अकेल हुसैन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स, रोस्टन चेज, जॉनसन चार्ल्स.