India vs Bangladesh Test
India vs Bangladesh Test
भारत और बांग्लादेश के बीच 14 दिसंबर 2022 से टेस्ट सीरीज का आगाज होगा. दो मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला चट्टोग्राम में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा मुकाबला ढाका में 22-26 दिसंबर तक होगा. घायल रोहित शर्मा की जगह केएल राहुल बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया का नेतृत्व करेंगे.
भारत का बांग्लादेश में अब तक का टेस्ट रिकॉर्ड शानदार रहा है. टीम इंडिया ने बांग्लादेश में अभी तक एक भी टेस्ट मैच नहीं गंवाया है. बांग्लादेश में भारत ने अब तक आठ मैच खेले हैं और इस दौरान छह मैचों में जीत हासिल की. जबकि दो मैच ड्रॉ हुए हैं. टीम इंडिया ने बांग्लादेश में आखिरी टेस्ट मैच जून 2015 में खेला था. यह मुकाबला ड्रॉ हो गया था. जबकि इससे पहले साल 2010 में भारत ने बांग्लादेश में दो टेस्ट मैच खेले थे. इस दौरान टीम इंडिया ने दोनों ही मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की थी.
सचिन तेंदुलकर रन के मामले में पहले स्थान पर
अगर बांग्लादेश में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो इसमें सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं. सचिन ने 9 पारियों में 820 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 5 शतक जड़े हैं. राहुल द्रविड़ दूसरे स्थान पर हैं. द्रविड़ ने 7 मैचों में 560 रन बनाए हैं.
रोहित की जगह अभिमन्यु ईश्वरन टीम में
पहले टेस्ट के लिए रोहित की जगह इंडिया-ए के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को टीम में शामिल किया गया है. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं. बीसीसीआई के मुताबिक, शमी कंधे की चोट से और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा घुटने की से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं. शमी की जगह नवदीप सैनी और जडेजा की जगह बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार को टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा जयदेव उनादकट को भी टीम में शामिल किया गया है.
बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम
केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट.